मराठी निबंध लेखन स्पर्धा में महाराष्ट्र मंडल रायपुर से... 17 प्रतिभागियों ने जमा की प्रविष्टि... अब तक का ऐतिहासिक रिकार्ड
2023-07-11 06:34 PM
819
रायपुर। मध्यप्रदेश मराठी अकादमी, इंदौर द्वारा आयोजित मराठी निबंध लेखन प्रतियोगिता में महाराष्ट्र मंडल रायपुर से 17 अभ्यर्थियों ने अपनी प्रविष्टियां जमा कर दी हैं। विगत 5 वर्षों से आयोजित इस प्रतियोगिता में पहली बार है, जब महाराष्ट्र मंडल रायपुर से इतनी बड़ी संख्या में निबंध लेखन के प्रति उत्साहित होकर लोगों ने हिस्सा लिया है। लिहाजा इसे ऐतिहासिक रिकार्ड के तौर पर देखा जा रहा है।
रायपुर महाराष्ट्र मंडल साहित्य समिति प्रभारी कुमुद लाड ने बताया कि आयु सीमा के हिसाब से तीन समूह बनाए गए थे। पहली बार है कि 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि जो प्रविष्टियां जमा की गईं हैं, सभी तीसरे उम्र वर्ग के लोगों की हैं, जिसका विषय 'चुप होते घर' रखा गया था।
'चुप होते घर'
मराठी निबंध लेखन प्रतियोगिता में एक विषय 'चुप होते घर' दिया गया था, जिस पर रायपुर महाराष्ट्र मंडल में 17 प्रविष्टियां संकलित हुईं हैं। वास्तव में यह आज की हकीकत है। एक दौर था जब संयुक्त परिवार की प्रथा थी। भले ही कोलाहल का माहौल होता था, कम संसाधनों में गुजारा करना पड़ता था, लेकिन परिवार के होने का दम दिखता था। आज के दौर में परिवारों का विघटन हो चुका है, सूक्ष्म से अतिसूक्ष्म होने की वजह से घर में सन्नाटा पसरा हुआ है। पर्याप्त संसाधन हैं, हैसियत बढ़ चुकी है, लेकिन घर में पारिवारिक माहौल समाप्त हो गया है।
निबंध लेखन के लिए मिला यह विषय आज के दौर की एक ऐसी सच्चाई है, जिस पर 17 लोगों ने अपने विचारों का प्रस्तुतिकरण किया है। साहित्य प्रभारी कुमुद लाड ने बताया कि देशभर में 222 अधिकृत महाराष्ट्र मंडल हैं, जहां से बड़ी संख्या में प्रविष्टियां एकत्र होंगी।