दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल के सदस्यों ने... 5 करोड़ विष्णु सहस्त्रनाम पाठन में निभाई अग्रणी भूमिका... आंध्रा एसोसिएशन ने किया सम्मान

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल अपने स्तर पर किए जाने वाले सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृति गतिविधियों में तो अग्रणी रहता ही है, इसके अलावा पृथक समाज के द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भी विशेष भूमिका का निर्वहन करता है। एक ऐसा ही आयोजन आंध्रा एसोसिएशन के द्वारा रायपुर के गुढ़ियारी में स्थित श्री बालाजी मंदिर में किया गया था। इस आयोजन को 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्‍ड रिकार्ड' में भी दर्ज किया गया है। जिसके लिए महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले सहित अन्य पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। 
 

इस संदर्भ में अधिक जानकारी देते हुए आध्यात्मक समिति प्रमुख आस्था काले ने बताया कि आंध्रा एसोसिएशन रायपुर ने 17 से 21 दिसंबर 2022 तक पांच दिवसीय एक आयोजन गुढ़ियारी के श्री बालाजी मंदिर में किया था। इस आयोजन के तहत 5 करोड़ श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ किया जाना था। 
 

आस्था काले ने बताया कि इस चुनौती भरे कार्य के लिए आंध्रा एसोसिएशन की ओर से महाराष्ट्र मंडल को भी आमंत्रण मिला, जिसे सहर्ष स्वीकार करते हुए अग्रणी भूमिका निभाने का फैसला लिया गया। उन्होंने बताया कि मंडल अध्यक्ष अजय काले, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन, सचिव चेतन दंडवते, सचेतक रविन्द्र ठेंगड़ी सहित महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भरपूर रूचि ली और पूरे पांच दिनों तक पाठ में महत्वपूर्ण हिस्सा लेते हुए इस चुनौती को पूरा किया। 
 

आस्था काले ने बताया कि इस आयोजन को 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्‍ड रिकार्ड' में भी दर्ज किया गया है। इसलिए आंध्रा एसोसिएशन की तरफ से महाराष्ट्र मंडल के उन सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जिन्होंने इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।