संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चे भी... खेल रहे छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के खेल... पूरे जोश के साथ लिया हिस्सा
2023-07-19 11:40 AM
1442
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते दो सालों से राज्य सरकार 'छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक' का आयोजन कर रही है। इस प्रतियोगिता में हर उम्र वर्ग के लोग बढ़—चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। गांव से लेकर शहर तक इन दिनों 'छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक' की धूम देखने को मिल रही है, जिसमें इस बार महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चों ने भी पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया है।
संत ज्ञानेश्वर स्कूल की शिक्षिका रचना तिवारी ने बताया कि शहर के ज्यादातर बच्चे अपने प्रदेश की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को आधुनिकता की उजियाले में बिसरा जाते हैं। अपनी ग्रामीण परंपरा के खेलों की जानकारी भी उन्हें नहीं होती, लेकिन 'छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक' के जरिए कम से कम बच्चों को इस बात को जानने का मौका मिला है।

रचना तिवारी ने बताया कि जब संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चों को छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के खेलों में शामिल खो—खो, कबड्डी, बिल्लस, पिठुल, गोटा, फुगड़ी, बाटी आदि खेलों की जानकारी दी गई, तो अधिकांश बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इन खेलों को खेलने में अपनी रूचि दिखाई। बताया कि बच्चे इन खेलों में प्रारंभिक जानकारी लेकर हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें उन्हें काफी आनंद आ रहा है और वे अपनी संस्कृति को समझने का प्रयास भी कर रहे हैं।

श्रीमती तिवारी ने कहा कि आज के दौर में बच्चों पर पढ़ाई का काफी बोझ होता है। ऐसे में उन्हें अपने मनोरंजन और पढ़ाई दोनों के लिए सबसे ज्यादा सुलभ माध्यम मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया ही समझ में आता है। दो राय नहीं कि इससे काफी अच्छा ज्ञान प्राप्त होता है, लेकिन शारीरिक विकास बाधित हो जाता है, यह भी उतना ही सच है। ऐसे में इन खेलों के जरिए बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास हो पाएगा।