महाराष्ट्र मंडल अंताक्षरी प्रतियोगिता में... यादव समाज के सिर बंधा जीत का सेहरा... तीन दर्शकों ने जीते गोल्ड क्वाइन
2023-07-23 09:40 PM
1399
रायपुर। सन एंड सन ज्वेलर्स प्रायोजित और महाराष्ट्र मंडल द्वारा आयोजित सर्व समाज अंताक्षरी प्रतियोगिता में यादव समाज के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पार्टिसिपेट करने वाली 30 टीमों को हराकर जीत का सेहरा अपने सिर बांध लिया है। इस प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर सुर संगम टीम ने ताल ठोंका, तो तीसरे स्थान पर एसकेडी म्यूजिक टीम रही।
बता दें कि इससे पहले 5—5 टीमों के बीच विनर्स मुकाबला चला, जिसमें फायनलिस्ट के तौर पर 6 विजेता टीमों को ग्रेंड फिनाले में आने का मौका मिला। इनमें वीर सावरकर टीम, यादव समाज, हैप्पी फैमिली, सुर संगम, एसकेडी म्यूजिक और गंमत—जमंत शामिल। इन 6 फायनलिस्ट के बीच हुए जोरदार मुकाबले में अंतत: यादव समाज ने सभी को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया।
इस अंताक्षरी प्रतियोगिता में सुबह से लेकर शाम तक पूरे कार्यक्रम का लुत्फ उठाने वाले और इस कार्यक्रम की ताकत बनने वाले दर्शकों के लिए भी उपहार का प्रबंधन किया गया था। मौजूद दर्शकों में तीन लोगों का नाम लकी ड्रा के जरिए निकाला गया। जिसमें पहला राधा सोनी का था, जिन्हें इस अंताक्षरी प्रतियोगिता के प्रायोजक सन एंड सन के द्वारा गोल्ड क्वाइन दिया गया। इस आयोजन में सन एंड सन ज्वलेर्स की ओर से मार्केटिंग हेड श्याम सोनी सपत्निक मौजूद थे, जिन्होंने दर्शक दीर्घा से दूसरी विजेता मंजूषा मार्डिकर और तीसरी विजेता कंचन पुसदकर को गोल्ड क्वाइन भेंट किया।

इसके बाद महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले, सन एंड सन ज्वेलर्स के श्याम सोनी, अंताक्षरी प्रतियोगिता की संयोजिका गीता दलाल ने संयुक्त रूप से अंताक्षरी प्रतियोगिता की विजेता टीम यादव समाज को 7 हजार नगद राशि, सभी प्रतिभागियों को 1—1 गोल्ड क्वाइन, मेडल, प्रशस्ति पत्र के अलावा विजेता कप देकर सम्मानित किया गया।
इसी तरह सेकंड फायनलिस्ट के तौर पर जीत हासिल करने वाली टीम सुर—संगम को नगद राशि 5 हजार रुपए के अलावा सभी प्रतिभागियों को 1—1 गोल्ड क्वाइन, मेडल, प्रशस्ति पत्र के अलावा विजेता कप देकर सम्मानित किया गया।

थर्ड फायनलिस्ट के तौर पर इस प्रतियोगिता में एसकेडी म्यूजिक टीम रही, जिन्हें नगद राशि 3 हजार रुपए के अलावा सभी प्रतिभागियों को 1—1 गोल्ड क्वाइन, मेडल, प्रशस्ति पत्र के अलावा विजेता कप देकर सम्मानित किया गया।

पूरे 12 घंटे चला कार्यक्रम
सन एंड सन प्रायोजित महाराष्ट्र मंडल द्वारा आयोजित यह अंताक्षरी प्रतियोगिता सुबह 9.30 बजे शुरु हुई थी। बगैर रूके मनोरंजन और स्पर्धा का यह कार्यक्रम लगातार 12 घंटों तक चलने के बाद रात 9.30 बजे पुरस्कार वितरण के साथ समाप्त हुआ।
दिल थामे बैठे रहे दर्शक
इस प्रतियोगिता में शामिल होने वाली प्रतिभागी टीम अपनी स्थिति के मुताबिक आती जाती रही, लेकिन दर्शक दीर्घा में शामिल हुए ज्यादातर लोग अंतिम समय तक दिल थामकर बैठे रहे और पूरे कार्यक्रम का उन्होंने भरपूर आनंद लिया।
जुटी रही मंडल की टीम
इस कार्यक्रम को लेकर महाराष्ट्र मंडल की टीम विगत 15 दिनों से लगातार तैयारी कर रही थी। इस टीम में हर उम्र वर्ग के लोगों ने अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया।