प्रसिद्ध सितारवादक शेवलीकर की किताब वाद्य संगीत मार्गदर्शिका का सीएम बघेल ने किया विमोचन
रायपुर। कला मंदिर भिलाई में मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा आयोजित डा. खूबचंद बघेल जयंती समारोह में 87 वर्षीय प्रसिद्ध सितारवादक सुधाकर रामभाऊ शेवलीकर की किताब वाद्य संगीत मार्गदर्शिका का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विमोचन किया। यह किताब दो भागों में है। इस किताब में संगीत के वाद्य पक्ष के क्रियात्मक व प्रायोगिक पक्ष को विस्तारपूर्वक लिपिबद्ध किया गया है।
पुस्तक का विमोचन करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यह किताब संगीत के विद्यार्थियों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगी। सुधाकर रामभाऊ शेवलीकर की इस किताब में उनका दीर्घकालीन अनुभव और चिंतन- मनन है। संगीत की वाद्य वादन विधा में क्रियात्मक पक्ष के विस्तृत जानकारी के लिए वर्तमान में संगीत की शिक्षा ले रहे युवा पीढ़ी तक यह विस्तारित सामग्री श्रमसाध्य गगनचुंबी प्रयास है, जो उन्हें सरलता से उपलब्ध होगा।
किताब के लेखक 87 वर्षीय शेवलीकर ने बताया कि इस मार्गदर्शिका में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के पाठ्यक्रम (प्रथमा से विद् अंतिम तक) के सभी रागों का विस्तृत क्रियात्मक विवरण लिपिबद्ध किया गया है। यह पुस्तक संगीत के विद्यार्थियों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगी। इस अवसर पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक अरुण वोरा, देवेंद्र यादव, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, शेवलीकर की पत्नी उषा शेवलीकर, सुपुत्री अनुप्रिता जोशी समेत अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।