दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल भवन की खूबसूरती निहार रहे लोग... बढ़ रही लगातार पूछपरख... आगामी योजनाओं में कर रहे शामिल

रायपुर। अपनी सेवाभावी योजनाओं और कार्यों को लेकर महाराष्ट्र मंडल हमेशा अग्रणी रहा है। सामाजिकता, संस्कृति और शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर विगत 88 सालों में महाराष्ट्र मंडल ने अपने कदम आगे बढ़ाए हैं, और इन 9 दशकों में मंडल को कभी पीछे पलटकर नहीं देखना पड़ा है। मंडल की इस सफलता के पीछे मेहनत, सोच और एकजुटता रही है, इस तथ्य से इंकार नहीं किया जा सकता। 

वर्तमान समय में महाराष्ट्र मंडल की ऊंचाई वास्तव में प्रशंसनीय है। एक कमरे से शुरु होकर महाराष्ट्र मंडल आज भव्य स्वरूप ले चुका है। भव्यता ऐसी कि इसे निहारने के लिए लोग खुद चलकर आ रहे हैं, चर्चाएं कर रहे हैं, तो आगामी योजनाओं में महाराष्ट्र मंडल को शामिल करने का मन भी बना चुके हैं। 

हाल ही में खंडेलवाल समाज ने महाराष्ट्र मंडल के नवनिर्मित हॉल में अपना कार्यक्रम रखा था। विहंगम हॉल, बेचैन करने वाली उमस में हॉल के भीतर सुकुन के पल ने खंडेलवाल समाज के कार्यक्रम को बेहतर बना दिया। समापन के पश्चात समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस बात को कहने से रह नहीं पाया कि महाराष्ट्र मंडल का यह नवनिर्मित भवन वास्तव में शानदार है। 

यह तो महज एकदिवसीय कार्यक्रम के बाद की चर्चा थी, असल में महाराष्ट्र मंडल के इस भवन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों हुए लोकार्पण के बाद से कई कार्यक्रम हो चुके हैं। जिन्होंने भी भवन बुक किया और कार्यक्रम में शामिल हुए, हर किसी ने इसकी खूबसूरती की तारीफ में कसीदें गढ़े, तो लोग संतुष्टि के साथ निकले।