दिव्य महाराष्ट्र मंडल

मेंटल एक्टिविटी के साथ संत ज्ञानेश्वर के बच्चों ने दूर किया स्ट्रेस.... मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता ने बच्चों को दिए कई टिप्स

रायपुर। आज की इस भागमभाग जिंदगी में हर कोई मानसिक तनाव से जूझ रहा है। इस तनाव से हर आयु वर्ग के लोग जूझ रहे है। विद्यार्थी भी इससे अछूते नहीं है। बच्चों का जीवन तो बिल्कुल तनाव मुक्त होना चाहिए। ऐसे में महाराष्ट्र मंडळ द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल में बच्चों का तनाव दूर करने के लए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिक्षिका तृप्ति अग्निहोत्री ने आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने अतिथियों के स्वागत के साथ उनका परिचय बच्चों को दिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रुप में पहुंची थी मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता कृष्णा मुखर्जी। उन्होंने बच्चों को मनोरंजक तरीके से तनाव से मुक्त रहने के तरीके बताए। इसके साथ उन्होंने मानसिंक शक्ति को सुदृढ़ और मजबूत बनाने के तरीके भी बच्चों को बताए।

कृष्णा मुखर्जी ने बच्चों से मेंटल एक्टिविटी कराई तथा बच्चों से स्ट्रेस को लेकर बहुत सारे प्रश्न पूछे और विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह से इसमें भाग लिया। विद्यालय के प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने स्कूल मोमेंटो देकर मुखर्जी मैडम को सम्मानित किया तथा शिक्षिका आराधना लाल ने मुखर्जी मैडम सहित उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।