महाराष्ट्र मंडल में तीज महोत्सव के साथ... विभिन्न समाज की महिलाओं ने... गीत—संगीत के साथ मनाया वीकेंड
2023-08-27 10:31 AM
997
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में शनिवार को तीज महोत्सव का आयोजन किया गया था। सांस्कृतिक विरासत को पारंपरिकता के साथ मनाए जाने और अपनी अगली पीढ़ी को स्थानांतरित किए जाने का यह एक सरल माध्यम है। इस महोत्सव में हर आयु वर्ग और समाज की महिलाओं ने अपनी सहभागिता दिखाई। पर्याप्त संख्या होने की वजह से महोत्सव के आनंद में चार चांद लग गया।
महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखाने वाले ने कहा हर इंसान और परिवार की जिंदगी आपाधापी के दौर से गुजर रही है। ऐसे में सामाजिक संरचरण की कमी का अहसास होता रहता है, जिसकी पूर्ति के लिए इस तरह के पारंपरिक महोत्सव का आयोजन किया जाना आवश्यक हो जाता है। उनका कहना है कि प्रत्येक दो दशक बाद एक नई पीढ़ी के हाथ में परिवार की जिम्मेदारी स्थानांतरित होती है। ऐसे में जरुरी है कि हम अपनी पंरपराओं और सामाजिक सद्भाव को किसी माध्यम से अपनी अगली पीढ़ी को स्थानांतरित करते चलें, ताकि आने वाले समय में हमारी सांस्कृतिक विरासत अग्रसर होती रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर वीवाय हॉस्पिटल की ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अनुपमा जोशी और विशेष अतिथि के तौर पर डॉ. पल्लवी झीरसागर व डॉ. अदिति तिवारी मौजूद थीं। चिकित्सा पेशे से होने के बावजूद इन महिलाओं ने इस तीज महोत्सव के समय निकाला और शुरु से अंत तक पूरा आनंद लिया। इन सभी अतिथियों का भी मानना है कि जब तक सांस्कृतिक परंपराओं को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, अपनी अगली पीढ़ी से उसकी उम्मीद नहीं की जा सकती। इसलिए हमने अपने बड़ों से जो कुछ पाया है, उसे अगली पीढ़ी को देना आवश्यक है।
इस तीज महोत्सव में गीत—संगीत, नृत्य और नाटक को भी शामिल किया गया था। विभिन्न समाज की महिलाओं ने इस महोत्सव के दौरान इन सभी कार्यक्रमों में भाग लिया और महोत्सव के साथ ही वीकेंड का भी जमकर आनंद लिया।