गणेशोत्सव पर 20 सितंबर की शाम फिर सुरमयी होगा महाराष्ट्र मंडळ..... सजेगी गीत-संगीत की संध्या
रायपुर। गणेशोत्सव पर एक बार फिर से महाराष्ट्र मंडळ के प्रांगण में गीत और संगीत की मधुर ध्वनि गूंजने वाली है। श्रीमती कमल ताई शेष स्मृति में सुगम संगीत प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर महाराष्ट्र मंडळ में तैयारियां शुरू हो चुकी है। जिसमें 15 से 25 आयु वर्ग के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मंडळ के सदस्य रंजन मोडक ने बताया कि संगीत में रूचि रखने वाले युवाओं को मंच देने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए श्रीमती कमल ताई शेष स्मृति में सुगम संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन महाराष्ट्र मंडळ चौबे कालोनी में 20 सितंबर की शाम 4 बजे किया जाएगा। स्पर्धा में भाग लेने के लिए प्रतिभागी 15 सितंबर तक अपना पंजीयन करा सकते है। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
आयोजन समिति की भारती पलसोदकर ने बताया कि स्पर्धा को लेकर कुछ नियम आयोजन समिति ने तय किए है। प्रतियोगिता में 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के लोग शामिल होंगे। प्रतिभागी गीत, गजल एवं भजन में से किसी एक विधा भी भाग ले सकते है। प्रतिभागियों नो मुखड़े के साथ अंतरे की भी प्रस्तुति देनी होगी। सभी प्रतिभागियों को 5-5 मिनट का समय दिया जाएगा।