दिव्य महाराष्ट्र मंडल

डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित भावना बोली... 9वीं से हर साल आती रही महाराष्ट्र मंडळ

रायपुर। राज्य लोक सेवा परीक्षा में डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयनित भावना साहू ने कहा कि जीवन में सफलता का आधार बेसिक शिक्षा से बनता है। परिवार को सपोर्ट भी बेहद जरूरी है। मेरी सफलता में जितना बड़ा योगदान मेरे माता-पिता का है, उनका ही उस स्कूल का जहां मैं नर्सरी से लेकर 12वीं तक पढ़ाई की। महाराष्ट्र मंडळ द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल में अपनी बैच की शुरू से टापर रही। 9वीं के बाद से लगातार अवार्ड सेरेमनी में हर वर्ष महाराष्ट्र मंडल आती रही।

भावना ने बताया कि 12वीं तक की पढ़ाई संत ज्ञानेश्वर स्कूल से करने के बाद जीईसी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। कोरोना के दौरान 2021 से मैंने पीएससी की तैयारी की। पहले साल मुझे सफळता नहीं मिली। मैंने दूसरे साल उससे भी ज्यादा मेहनत की और सफलता को हासिल किया।

भावना ने बताया कि उसने अपनी पूरी तैयारी खुद से की। माता पिता का पूरा सपोर्ट रहा। पढ़ाई के लिए मैं सुबह 9 बजे से सेंट्रल लाइब्रेरी जाती थी। जहां मैं रात 11 बजे तक पढ़ाई करती। रात 11 बजे के बाद घर लौटती तो घर पर मां-पिताजी मेरा इंतजार करते थे, हम साथ में खाना खाते। खाने के टेबल पर दिन भर की स्टडी को लेकर चर्चा होती थी। बतादें कि भावना के पिता रोहित कुमार साहू जीएसटी विभाग में कार्यरत है। वहीं माता मंदिर हसौद स्कूल में शिक्षिका है।