महाराष्ट्र मंडल के गरबा प्रशिक्षण में युवाओं- बच्चों ने सीखे स्टेप
2023-10-17 08:17 PM
641
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के चौबे कॉलोनी स्थित भवन और शंकरनगर स्थित बाल वाचनालय- उद्यान में मंगलवार की शाम जुटे युवा और बच्चे गरबा का स्टेप सीखने में काफी उत्सुक नजर आए। बुधवार को भी मंडल के दोनों स्थलों पर गरबा की कार्यशाला जारी रहेगी। नवरात्रि पर 19 से 23 अक्टूबर तक महाराष्ट्र मंडल में पांच दिवसीय गरबा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।

गरबा आयोजन समिति के प्रमुख अजय पोतदार के मुताबिक महोत्सव से पूर्व दो दिनी फ्री गरबा प्रशिक्षण कार्यशाला में महिलाओं के साथ युवा और बच्चे भी शामिल हुए। वर्कशॉप के पहले दिन मंगलवार को महाराष्ट्र मंडल के लाॅन में शाम 4.30 से 6 बजे तक अजय पोतदार और पर्यावरण प्रमुख अभय भागवतकर ने गरबा का प्रशिक्षण दिया। कला एवं संस्कृति समिति की प्रभारी भारती पलसोदकर और सह प्रभारी अंकित किरवई ने भी युवाओं को गरबा प्रशिक्षण देने में सहयोग प्रदान किया।
वहीं शंकरनगर बाल वाचनालय में शाम 6.30 से रात्रि 8 बजे तक मंडल की आजीवन सभासद देविका देशपांडे ने गरबा का प्रशिक्षण दिया। यहां भी युवाओं और महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। फिल्मी गरबा गीतों की धुन में यहां महिलाओं को गरबा के विभिन्न स्टेप सिखाए गए। कार्यशाला के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी जुटेंगे।