अरे आये रे आये नवरात्र रे...की धुन पर गरबा करते झूमे भक्तगण.... महाराष्ट्र मंडल में पांच दिवसीय गरबा का भक्तिमय शुभारंभ
2023-10-19 10:48 PM
1239
रायपुर। अरे आये रे आये नवरात्र रे... आज झूमो रे झूमो सारी रात रे... और ढोलिडा ढोल रे वागाड़... की धुन पर महाराष्ट्र मंडल में पहुंचे गरबा प्रेमी आधी रात तक जमकर थिरके। पांच दिवसीय आयोजन के पहले दिन गरबा प्रेमियों में गजब का उत्साह नजर आया। प्रतिभागियों ने तय स्टेप्स और फ्री स्टाइल में गरबा कर मां की आराधना की। सर्कल में गरबा प्रेमी पारंपरिक गुजराती धुनों पर खूब झूमे। समारोह में शामिल लोग सर्कल के बाहर भी जमकर थिरके।

महाराष्ट्र मंडल में पांच दिवसीय गरबा की शुरुआत गुरुवार की देर शाम मां दुर्गा की पूजा- अर्चना के साथ की गई। महोत्सव के शुरू होने के साथ ही गरबा प्रेमियों में अलग ही उत्साह देखने को मिला। मंडल के नवनिर्मित भवन के लाॅन एरिया में बनाए गए सर्कल में प्रतिभागी अलग-अलग स्टेप्स करते नजर आए। रात चढ़ने के साथ वहां गरबा खेलने वालों के साथ दर्शकों की अच्छी भीड़ जुट गई।

गरबा आयोजन समिति के प्रभारी अजय पोतदार ने बताया कि मंडल में 19 से 23 अक्टूबर तक शाम 7.30 बजे से 11 बजे तक गरबा उत्सव आयोजित है। 19 अक्टूबर को पहले दिन पीले रंग के परिधान में गरबा खेलने के लिए भक्तगण पहुंचे। पांचों दिन के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड रखा गया है। 20 अक्टूबर को हरा, 21 को बैगनी और 22 अक्टूबर को श्वेत बंगाली थीम के परिधान के साथ गरबा खेला जाएगा। वहीं समापन के दिन 23 अक्टूबर को नवारी/ मराठी वेशभूषा में गरबा खेला जाएगा।
अंबे मां के साथ शिवाजी महाराज की भी आरती
गरबा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मां अंबे की आरती के तुरंत बाद छत्रपति शिवाजी महाराज की भी आरती की गई। दरअसल महाराष्ट्र मंडल में प्रतिमाह 19 तारीख को छत्रपति शिवाजी महाराज की महा आरती की जाती है। इसी परिप्रेक्ष्य में आज भी मंडल की युवा समिति ने छत्रपति शिवाजी महाराज की आरती की व्यवस्था की।