महाराष्ट्र मंडल में मनाया गया छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस
2023-11-01 08:51 PM
661
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में बुधवार को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना धूमधाम से दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्ति वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी प्रशांत देशपांडे, मंडल अध्यक्ष अजय काले ने छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर अतिथियों ने छत्तीसगढ़ राज्य के 23 वर्षों की उपलब्धिपूर्ण यात्रा की चर्चा की।
देशपांडे ने कहा कि करीब ढाई दशक पहले देश के विकास की गति को बढ़ाने के लिए छोटे राज्यों की परिकल्पना की गई थी। इसी के अंतर्गत तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने छत्तीसगढ़ सहित तीन राज्यों का गठन किया था। इसके बाद भी तेलंगाना जैसे नए राज्य गठित किए गए थे। देशपांडे ने कहा कि पिछले 23 साल के इतिहास को देखें तो जिस गति से छत्तीसगढ़ ने शिक्षा, चिकित्सा, परिवहन, इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, व्यापार, कृषि, मनोरंजन, नवाचार के क्षेत्र में विकास किया है, वह न केवल एक मिसाल है बल्कि नवगठित राज्यों में सबसे आगे भी है।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि महाराष्ट्र नाट्य मंडल के निर्देशक अनिल श्रीराम कालेले के मुताबिक देश में जिस गति से वन आच्छादित क्षेत्र एवं वन्य जीव- जंतु घट रहे हैं, वह चिंताजनक है। हालांकि छत्तीसगढ़ में वन क्षेत्र के घटने की गति राष्ट्रीय औसत से काफी कम है, लेकिन यह हमारे लिए तसल्ली की बात नहीं हो सकती। हमें अपने वन क्षेत्र को न केवल संरक्षित करना है बल्कि उसे परिणाम मूलक पौधारोपण अभियान चलाकर बढ़ाना भी है। यही बात वन्य प्राणियों के लिए भी लागू होती है।
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने जानकारी दी कि प्रति वर्षानुसार इस साल भी महाराष्ट्र मंडल ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। हमने महज तीन दिन पहले मराठी सोहला में प्रोफेशनल रंगोली कलाकारों की हमर छत्तीसगढ़ विषय पर रंगोली स्पर्धा आयोजित की गई थी। साथ ही सर्व समाज के कलाकारों ने मनोरंजक प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की समृद्धशाली सांस्कृतिक विरासत को मंच पर दिखाया था। इसके अलावा मंडल के सभी प्रकल्पों, समितियों और महिला केंद्रों के कलाकारों ने भी छत्तीसगढ़ राज्य के संदर्भ में राजगीत की प्रस्तुति सहित कई लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दी।
आज के कार्यक्रम में उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के सहप्रभारी परितोष डोनगांवकर, सांस्कृतिक मंडल के प्रभारी प्रेम उपवंशी सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन सचिव चेतन दंडवते ने व्यक्त किया।