दिव्य महाराष्ट्र मंडल

संत ज्ञानेश्वर स्कूल में मनाई गई गुरु नानक जयंती....बच्चों का उत्साह देखकर प्रभावित हुए शिक्षक

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में गुरु नानक जयंती मनाई गई। प्रार्थना सभा में बच्चों को गुरु नानक जी के बारे में बताया गया। 
ब्लू हाउस के प्रीफेक्ट अभिनव साहू ने बताया गुरु नानक जयंती सिखों का पवित्र त्यौहार है। गुरु नानक देव जी सिखों के पहले गुरु थे और उन्होंने श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारे की नींव रखी थी। गुरु नानक देव जी की जयंती कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है। गुरु नानक जयंती की पूर्व संध्या पर लोग गुरुद्वारे में जाते हैं और प्रार्थना करते हैं। साथ ही प्रभातफेरी जुलूस निकालते हैं। इस बार गुरु नानक की 551 जयंती मनाई गई। 
 
ब्लू हाउस की छात्राओं ने सिखों के जैसे वेशभूषा पहन कर प्रार्थना की और 'वाहे गुरु जी की फतेह वाहेगुरु जी का खालसा' का नारा भी लगाया।शिक्षिका स्तुति रॉबिंसन के मार्गदर्शन में आज की प्रार्थना सभा कराई गई। सभी शिक्षिकाएं और प्राचार्य मनीष गोवर्धन गुरु नानक जयंती पर बच्चों का उत्साह देखकर काफी प्रभावित हुए।