महाराष्ट्र मंडळ में लगा स्वास्थ्य शिविर... बड़ी संख्या में लोगों ने कराई जांच
2024-01-07 02:30 PM
638
रायपुर। एसएमसी सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल के सौजन्य से महाराष्ट्र मंडल में आयोजित एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए। शिविर में अनेक लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। ह्दय रोग, पेट संबंधी विकार, हड्डी रोग से पीड़ित मरीजों ने शिविर में पहुंच कर डाक्टरों से परामर्श लिया।
महाराष्ट्र मंडल के स्वास्थ्य एवं सेवा प्रभारी अरविंद जोशी ने बताया कि विधानसभा रोड, अशोका रतन के पास स्थित एसएमसी सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल की टीम ने शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच की। डा. सतीश सूर्यवंशी एमडीडीएम कार्डियोलाजी ने शिविर में पहुंचे लोगों को सेहतमंद रहने के लिए परामर्श दिया।
एसएमसी सुपर स्पेशयलिटी हास्पिटल के मार्केटिंग हेड मो. रोशन शेख के मुताबिक शिविर में पंजीयन के बाद बीपी, शुगर, ईसीजी, लिपिड प्रोफाइल और एचबीए1सी की निःशुल्क जांच की गई। इसके साथ ह्दय रोग, नि:संतानता पर परामर्श, पेट रोग, लीवर, मस्तिष्क रोग, लकवा, किडनी रोग, डायलिसिस, अस्थि रोग, जोड़ प्रत्यारोपण, हर्निया, पाइल्स, पित्त थैली की पथरी और सर्जिकल समस्याओं पर मरीजों को परामर्श दिया गया।
शिविर में डा. सतीश सूर्यवंशी के साथ डा. सौरभ खरे ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जन, डा. वैभव राज सिंह लेपरोस्कोपी एवं लेजर सर्जन और डा. संजय अग्रवाल गेस्ट्रोलाजिस्ट ने लोगों को स्वास्थ्य परामर्श दिया। इस अवसर पर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन, सचिव चेतन दंडवते, महाराष्ट्र नाट्य मंडल के निर्देशक अनिल श्रीराम कालेले, हेमंत मार्डीकर, पारितोष डोनगांवकर सहित बड़ी संख्या में मंडल के सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित थे।