सीने में दर्द, पीठ या बांहों में खिंचाव, सीने में हैवीनेस हो तो तुरंत लें डाक्टरी सलाहः डा. सतीश सूर्यवंशी
रायपुर। अगर आपको सीढ़ी चढ़ने में थकान होती है, सांस फूलने लगती है, खेतों में या अपने काम के दौरान थकान महसूस होती है। चेस्ट में भारीपन महसूस होता है तो आप इसे सामान्य गैस की समस्या मानकर खुद से दवा न लें। यह परेशानी ह्दय रोग से जुड़ी हो सकती है। सही समय पर सही डाक्टर का चयन कर तुरंत अस्पताल पहुंचे और इलाज कराए। यह कहना है वरिष्ठ ह्दय रोग विशेषज्ञ और राजधानी स्थित एसएमसी सुपर स्पेशयलिटी हास्पिटल के डा. सतीश चंद्रवंशी का।
महाराष्ट्र मंडळ में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे डा. सतीश चंद्रवंशी ने दिव्य महाराष्ट्र मंडळ पोर्टल से कहा कि आज से 15 साल पहले 40 साल से अधिक उम्र के लोगों में ह्दय रोग संबंधी समस्या आती थी। लेकिन अब यह समस्या 18-20 वर्ष से शुरू हो जाती है। उन्होंने बताया कि आमतौर पर दिल का दौरा तब होता है जब रक्त का कोई थक्का हृदय की ओर रक्त के बहाव को रोक देता है। छाती, गर्दन, पीठ या बांहों में खिंचाव या दर्द के साथ थकान, चक्कर, ज्यादा स्ट्रेस के कारण हार्टअटैक आ सकते है।
डा. चंद्रवंशी ने कहा कि आमतौर पर हमारा खानपान स्वास्थ्य संबंधी विकार के लिए जिम्मेदार है। पहले हमारे पूर्वज और बड़े बुजुर्गों का खानपान संयमित रहता था। रात के समय लाइट भोजन किया करते थे। हमें अपने डायट में फाइबर युक्त भोजन करना चाहिए। फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ से आपको बार-बार भूख नहीं लगती है। इससे आप बार-बार खाना नहीं खाते हैं। इससे आपका मोटापा कंट्रोल होता है। इससे आपको डायबिटीज और बीपी की समस्या होने की संभावना कम होती है। लंबे समय तक भूख ने लगने से आपके शरीर कैलोरी भी सही तरह से बर्न होती है।