सुपर स्टार सिंगर-3 के आडिशन के लिए मुंबई जाएगी छह साल की संतृप्ति केसकर
रायपुर। सोनी टीवी में प्रसारित होने वाले रियालिटी शो सुपर स्टार सिंगर सीजन-3 के अंतिम आडिशन में छत्तीसगढ़ की छह वर्षीय संतृप्ति भी शामिल हो रही है। संतृप्ति महाराष्ट्र मंडळ रायपुर के आजीवन सभासद विश्वास केसकर की पुत्री है। उन्होंने बताया कि संतृप्ति को अंतिम आडिशन के लिए मुंबई से बुलावा आया है। 4 फरवरी 2024 को उसका आडिशन होगा। वह 2 फरवरी को मुंबई के लिए रवाना होगी। संतृप्ति के उज्ज्वल भविष्य और उनकी सफलताओं के लिए महाराष्ट्र मंडळ के अध्यक्ष अजय काळे ने अपनी और मंडळ की पूरी कार्यकारिणी की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित की है।
पिता विश्वास केसकर ने बताया कि सोनी टीवी में प्रसारित होने वाले इस रियलिटी शो के प्रथम चरण के वीडियो आडिशन में संतृप्ति के गानों को चयनकर्ताओं ने पसंद किया। प्रथम चरण के आडिशन में संतुप्ति ने तीन गाने रसिक बलमा..., येलो में हारी पिया... और अजीब दास्तां है ये... रिकार्ड कर भेजा था, जिसे चयनकर्ताओं ने बहुत पसंद किया और सीधे तीसरे राउंड के आडिशन के लिए मुबंई बुलाया है।
न्यू राजेंद्र नगर निवासी गायिका संतृप्ति केसकर तीन वर्ष की आयु से गायिकी कर रही हैं। उनके पिता विश्वास केसकर भी गायक हैं। इससे पहले संतृप्ति ने जीटीवी के सारेगामापा लिटिल चैंप में अंडर-30 तक पहुंची थी। 2022 में रायपुर आइडल का खिताब भी जीत चुकी हैं। संतृप्ति पढ़ाई में भी बेहतर हैं। मेंटल टेस्ट के लिए होने वाले ओलंपियाड में सेंट्रल जोन से 15वां रैंक हासिल किया था। इसमें छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से 75 हजार बच्चों ने हिस्सा लिया था। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर संतृप्ति 30 स्टेज शो कर चुकी हैं।