श्रीराम के अयोध्या पहुंचने की झांकी ने मोहा मन.... बच्चों की प्रस्तुति पर लगे जयश्रीराम के नारे
रायपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। इसके लिए श्रीराम की प्रतिमा अयोध्या पहुंच गई। इस उल्लास को जीवंत करते हुए संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चों ने श्रीराम के अयोध्या पहुंचने की मनमोहक झांकी निकाली। बच्चों की शानदार प्रस्तुति देख सभी ने जयश्रीराम के नारे लगाए, और देखते ही देखते पूरा स्कूल राममय हो गया।
प्रियदर्शिनी नगर स्थित संत ज्ञानेश्वर स्कूल के शहीद राजगुरू हाउस के बच्चों ने श्रीराम के अयोध्या पहुंचने को लेकर सुंदर झाकी निकाली। गुलशन साहू प्रभु श्रीराम, मानवी पारेख माता सीता और तुषार साहू लक्ष्मण बनकर बच्चे पहुंचे। कुछ हाथों में भगवा ध्वज लिए हुए थे। सिर पर कलश रख लड़कियों ने प्रभु श्रीराम का स्वागत किया। इस दौरान सभी ने जयश्रीराम का उद्घोष किया। शिक्षक हनुमान कन्नौजे ने बच्चों को श्रीराम के अयोध्या आगमन कथा का प्रसंग सुनाया। शहीद राजगुरू हाउस के प्रमुख अनिता सोनी ने मार्गदर्शन में इसकी रूपरेखा तैयार की गई। शिक्षिका सुखदेवी विश्वास और शिखा शर्मा ने अपना सहयोग दिया। वहीं स्कूल के स्टाफ मोनू और मुकेश्वरी ने झांकी साजवट में विशेष सहयोग किया।
