महाराष्ट्र मंडल में 20 जनवरी को हल्दी- कुमकुम के साथ विविध आयोजन
2024-01-19 02:05 PM
886
रायपुर। महिलाओं के सर्वाधिक लोकप्रिय और बहुप्रतीक्षित मकर संक्रांति पर्व पर हल्दी- कुमकुम कार्यक्रम 20 जनवरी को चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में पहली बार बिलासपुर महाराष्ट्र मंडल के कलाकार छत्रपति शिवाजी महाराज की मां जीजाबाई पर आधारित नाटिका प्रस्तुत करेंगे।
मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले के मुताबिक राजमाता जीजाबाई के सख्त पालन- पोषण, अनुशासन और संस्कार के फलस्वरुप छत्रपति शिवाजी महाराज मुगल साम्राज्य की चुनौतियों के बीच हिंदू सम्राट बन सके और उन्हें छत्रपति की पदवी से सम्मानित किया गया था। यही वजह है की मराठी भाषियों के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज जितने श्रद्धेय हैं, उतनी ही राजमाता जीजाबाई भी। यही वजह है कि बिलासपुर की नाटिका को लेकर मंडल की महिला सदस्यों में अभी से काफी उत्सुकता है।
विशाखा ने बताया कि हल्दी- कुमकुम के भव्य आयोजन में रामोत्सव एवं रामायण पर केंद्रित रंगोली स्पर्धा भी आयोजित की गई है। इसमें सभी 15 केंद्रों की महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य होगी। इसी तरह राजमाता जीजाबाई के मंचन के बाद रामायण के पात्रों को लेकर दिलचस्प फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी होगी। इसमें महिलाएं अयोध्या से लेकर लंका तक के पात्रों को मंच पर साकार करेंगे। इसके अलावा महिलाओं की ओर से एकल एवं समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी।
सह महिला प्रमुख अपर्णा देशमुख के अनुसार इस अवसर पर विभिन्न सेगमेंट के एक से बढ़कर स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें महिलाओं को परिधान, सौंदर्य सामग्री, आर्टिफिशियल आर्नामेंट्स, साज- सज्जा के सामान सहित विभिन्न जरूरी सामग्रियों के स्टाल भी होंगे। इनके बीच मंडल के मेस के स्टॉल से चटपटे, सुरुचिपूर्ण खाद्य पदार्थों का भी लुत्फ लिया जा सकेगा।