स्वदेशी मेले में छाया महाराष्ट्र मंडल का स्टॉल.... मराठी व्यंजनों की महक से आकर्षित हो रही भीड़
2024-01-31 05:17 PM
943
रायपुर। साइंस कॉलेज में लगा स्वदेशी मेला छठवें दिन महाराष्ट्र मंडल और मराठी समाज के नाम पर रहा। मेले के भव्य मंच पर एक ओर महाराष्ट्र मंडल की प्रतिभाओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए, तो वहीं दूसरी ओर स्टेज के समीप ही महाराष्ट्र मंडल के फूड स्टॉल पर 4:00 बजे से लगभग आधी रात तक ग्राहकों की भीड़ जुटी रही।
मंडल के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन के अनुसार स्टाॅल में महाराष्ट्र की परंपरागत पूरण पोली, साबुदाना वडा, धनिया वड़ी, मुंगोड़े, चिवड़ा, चिप्स, गुलाब जामुन की उपलब्धता थी। स्टाल में छत्तीसगढ़ी आइटम फरा की मांग पूरण पोली से कम नहीं थी। धनिया वड़ी के प्रति गैर महाराष्ट्रीयन लोगों को अधिक आकर्षित होते हुए देखा गया।
मेस प्रभारी दीपक किरवईवाले ने कहा कि स्वदेशी मेला में स्टॉल लगाने का मूल उद्देश्य महाराष्ट्र के परंपरागत व्यंजनों से गैर मराठी भाषियों को परिचित कराना है। जो लोग मंडल के स्टाॅल में मराठी व्यंजनों का स्वाद इंजॉय कर रहे हैं, निश्चित ही वे लोग चौबे कॉलोनी में महाराष्ट्र मंडल भवन को ढूंढते हुए ऑर्डर देने के लिए पहुंचेंगे। किरवईवाले के मुताबिक मेस की आय से दिव्यांग बालिका गृह का संचालन किया जाता है। इसमें दिव्यांग बच्चियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कोचिंग और उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में सतत् काम किया जाता है।