‘तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि। तन्नो रुद्रः प्रचोदयात्’ से गूंज उठा महाराष्ट्र मंडळ
रायपुर। तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि। तन्नो रुद्रः प्रचोदयात्॥ अघोरेभ्योथघोरेभ्यो घोरघोरतरेभ्यः सर्वेभ्यः सर्व सर्वेभ्यो नमस्ते अस्तु रुद्ररुपेभ्यः ॥ बलाय नमो बलप्रमथनाथाय नमः सर्वभूतदमनाय नमो मनोन्मनाय नमः ॥ भोलेनाथ के इन मंत्रों से चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडळ भवन महाशिवरात्रि की पावन बेला पर गूंजायमान हो उठा। महाराष्ट्र मंडळ के नवनिर्मित भवन में द्वितीय वर्ष लघु रुद्राभिषेक के आयोजन को महिलाओं द्वारा किए गए रुद्र पाठ ने भक्तिमय बना दिया।

महाराष्ट्र मंडळ की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले की अगुवाई में ज्योति कान्हे, सुचित्रा देशपांडे, रीता लोखंडे, रुपाली लोखंडे, स्मिता कोमजवार, आराधना शेष, स्वाति परमानंद, दीपांजलि भालेराव, ज्योति डोळस, अल्पना मोहदीवाले और अंजली नलगुंडवार ने पारंगत पंडितों की भांति रुद्रपाठ किया।

मंडल में करीब तीन घंटे तक चले लघु रुद्राभिषेक के दौरान महिलाओं ने शिव स्तुति, गणेश वंदना के साथ लघु रूद्र का पाठ किया। महिलाओं के एक सुर में रुद्रपाठ के पठन ने आयोजन को पूर्ण रूपेण भक्तिमय बनाने के साथ पूरे वातावरण को शिवमय कर दिया।