दिव्य महाराष्ट्र मंडल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिले मंडल अध्यक्ष काले... सीएम हाउस में गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान हुई संक्षिप्त चर्चा

रायपुर। लगातार आठवीं बार महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष निर्वाचित अजय मधुकर काले ने बुधवार की देर शाम सीएम हाउस में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उनकी पत्नी से मुलाकात कर गृह प्रवेश की बधाई दी। इस दौरान काले ने मुख्यमंत्री को सपत्नीक महाराष्ट्र मंडल आमंत्रित भी किया।

सीएम हाउस में हुए गृह प्रवेश कार्यक्रम में काले ने भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, कैबिनेट मंत्रियों रामविचार नेताम, ओपी चौधरी और पद्मश्री अनुज शर्मा सहित अनेक विधायकों से भी मुलाकात की व उन्हें महाराष्ट्र मंडल की ओर से भावी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की। अजय काले ने पद्मश्री मदन चौहान, पद्मश्री भारती बंधु सहित कार्यक्रम में उपस्थित जैन समाज, सिख समाज सहित अनेक समाजों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की।

राजस्व मंत्री ओपी चौधरी को अनौपचारिक मुलाकात के दौरान काले ने महाराष्ट्र मंडल और उसके प्रकल्पों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। चौधरी ने काले की बातों को ध्यान से सुना और महाशिवरात्रि के दिन से शुरू किए गए निर्माल्य संग्रह योजना की प्रशंसा करते हुए कुछ टिप्स भी दिए। उन्होंने काले से अतिशीघ्र मंडल आने का वादा किया।

धरसींवा के विधायक एवं छत्तीसगढ़ फिल्मों के सुपरस्टार अनुज शर्मा ने भी सीएम हाउस में मुलाकात के दौरान कहा कि महाराष्ट्र मंडल से उनका बहुत पुराना संबंध है। वह बहुत जल्द ही महाराष्ट्र मंडल का नया भवन देखने आएंगे।