महाराष्ट्र मंडल के केंद्रों में आज शाम राम रक्षा स्त्रोत, हनुमान चालीसा का पाठ
2024-04-06 02:20 PM
1087
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के सभी 15 केंद्रों में शनिवार 6 अप्रैल को शाम सात बजे समीपस्थ मंदिरों में राम रक्षा स्त्रोत और हनुमान चालीसा का कई बार सामूहिक पाठ किया जाएगा। मंडल के आध्यात्मिक समिति का यह अभियान 14वें सप्ताह भी श्रद्धामय वातावरण में जारी रहेगा।
कार्यकारिणी सदस्य नमिता शेष ने बताया की बूढ़ापारा केंद्र की महिलाओं और युवाओं ने यह अभियान हनुमान मंदिर बूढ़ापारा से शुरू किया था। इसके बाद यह लगातार बढ़ता जा रहा है। मंडल के सभी 15 केंद्रों के अलावा युवा समिति व कुछ अन्य समितियों यह अभियान पहुंच गया है। हर्ष की बात है कि केंद्रों में राम रक्षा स्त्रोत और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंडल की अन्य समितियों को भी इस अभियान में सहभागी बनाने के प्रयास जारी हैं।
सरोना केंद्र की महिलाओं ने गत शनिवार को सारासार हनुमान मंदिर में राम रक्षा स्त्रोत और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ करने से पहले रामायण के सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया था। इससे वहां की श्रद्धालु महिलाओं और युवाओं के जोश का अनुमान लगाया जा सकता है।