महाराष्ट्र मंडल में हुआ शानदार कार्यक्रम.... चैत्रगौरी भजन स्पर्धा में बुढ़ापारा केंद्र ने मारी बाजी
2024-04-22 10:20 PM
2255
- सरोना द्वितीय और चौबे कॉलोनी केंद्र तीसरा स्थान पर,
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में आयोजित चैत्रगौरी हल्दीकुंकू व भजन स्पर्धा में जबरदस्त मुकाबले के दौरान बुढ़ापारा केंद्र की महिलाओं को विजेता घोषित किया गया। सरोना केंद्र उपविजेता रहा। चौबे कालोनी केंद्र की महिलाओं को तीसरे स्थान पर संतुष्ट होना पड़ा।कार्यक्रम का शानदार आयोजन अवंती विहार, शंकर नगर और देवेंद्र नगर केंद्र की महिलाओं ने किया।

मंडल के सभी 15 केंद्रों की महिलाओं की जबरदस्त उपस्थिति से खचाखच भरे संत ज्ञानेश्वर सभागृह में एक के बाद एक भजनों की प्रस्तुति से वातावरण श्रद्धामय हो गया। भजन स्पर्धा के निर्णायकों विनय बोपचे और के. पुष्पा रेड्डी को विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान की टीम चुनने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. रेणू राजगुरु ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्हें सूत माला, शाल- श्रीफल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। शुभदा गिजरे व ग्रुप ने सुमधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की संयोजिकाओं संगीता राजिमवाले, सुदेशना मेने और साक्षी टोले ने बताया कि इस मौके पर चैत्र माह के महत्व पर मेघा कोतवालीवाले ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। गोंधल और घूमा डांस में मधुरा भागवत, सपना कडू, तोशिका भुजबल, वैशाली निमजे, मेघा कोतवालीवाले, कविता लांजेवर, लीना मजूमदार और वर्षा उरकुरकर ने कमाल की प्रस्तुति दी। साक्षी टोले और भारती देवरणनकर का फ्यूजन डांस देखने के लायक था।
महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने महिलाओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। कुमुद लाड ने बृहन्न महाराष्ट्र मंडल द्वारा आयोजित निबंध स्पर्धा में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले अभय भागवतकर और भारती देवरणनकर को प्रमाण पत्र वितरित करवाया। चैत्र मास गीत की प्रस्तुति में एक बार फिर शुभदा गिजरे के ग्रुप ने प्रभावित किया।