मध्य प्रदेश मराठी अकादमी व महाराष्ट्र साहित्य सभा की स्पर्धा में छत्तीसगढ़ के पांच प्रतिभागियों ने जीते पुरस्कार
2024-05-28 06:58 PM
585
रायपुर। मध्य प्रदेश मराठी अकादमी और महाराष्ट्र साहित्य सभा की मराठी निबंध स्पर्धा के तृतीय वर्ग में टाटीबंध निवासी स्वाति मोडक को विजेता घोषित किया गया। इसी तरह आयु वर्ग एक में प्रथम तीन स्थान छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को मिले हैं।
महाराष्ट्र मंडल साहित्य समिति की प्रभारी कुमुद लाड ने बताया कि छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश, गुजरात, आंध्र प्रदेश सहित अनेक राज्यों की प्रतिभागियों ने मराठी निबंध और पत्र लेखन स्पर्धा में भाग लिया। निबंध स्पर्धा के परिणाम घोषित किए गए हैं। जिसमें वर्ग एक पांच से 18 वर्ष आयु वर्ग में दुर्ग की सानवी अवधूत प्रथम, दुर्ग की ही ऋतुजा सगदेव द्वितीय और कोरबा की अरुंधति गडांगुले तीसरे स्थान रहीं। इस वर्ग में निबंध लेखन का विषय माझे आवडते व्यक्तीमत्त्व (मेरा पसंदीदा व्यक्तित्व) था।
कुमुद के मुताबिक 31 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के तीसरे वर्ग में स्वाति मोडक के अलावा दुर्ग की नीलिमा सगदेव तीसरे स्थान पर रहीं। इस वर्ग में निबंध का विषय वडील आणि मुलांमध्ये वाढ़ते वैचारिक अंतर (पिता और बच्चों में बढ़ते वैचारिक मतभेद) था। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र साहित्य सभा के अध्यक्ष अश्विन खरे और मध्य प्रदेश मराठी अकादमी के अध्यक्ष अरविंद जावलेकर ने महाराष्ट्र मंडल से आग्रह किया है कि वे भी रायपुर में मराठी साहित्य अकादमी की स्थापना कर इस तरह के साहित्यिक आयोजन करें। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले और सचिव चेतन दंडवते ने दोनों ही प्रतिष्ठित समितियों के सुझाव का स्वागत किया है और कार्यकारिणी की बैठक में इस पर निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।