संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के ओम बसक ने श्रेयांश पाठक को हराकर जीता बैडमिंटन का खिताब
रायपुर। जिला बैडमिंटन संघ द्वारा नगर निगम के सप्रे शाला बैडमिंटन हाल में आयोजित जूनियर व सबजूनियर बैडमिंटन स्पर्धा का फाइनल रविवार को खेला गया। अंडर 19 बालक वर्ग में महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर स्कूल के छात्र ओम बसक ने अपने प्रतिद्वंदी श्रेयांश पाठक को 15-21,21-13, तथा 21-17 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं अंडर-19 बालिका में इशिका पोद्दार ने रोमांचक मुकाबले में तिष्या मुक्ता को हराया। विजेता खिलाड़ियों को आल इंडिया बैडमिंटन फेडरेशन के सचिव व जूनियर इंडिया कोच संजय मिश्रा ने पुरस्कृत किया।
जिला संघ के सचिव अनुराग दीक्षित ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों का बिलासपुर में 24 से 28 जुलाई तक होने वाली राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम में चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया है।
स्कूल के प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि ओम बसक पिछले 5 वर्षों से विभिन्न नेशनल प्रतियोगिता में भी भाग लेते रहें है और विजयी भी हुए है। उन्होंने बताया कि स्कूल में कई ऐसे छात्र है जो विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा पहले भी दिखा चुके है, वहीं कई अच्छे खिलाड़ी स्कूल में अध्ययनरत है, जिन्हें खेलकूद में पूरी तर गाइड किया जाता है।