महाराष्ट्र मंडल नई कार्यकारिणी की बैठक 26 जून को, प्रकल्पों, कार्यों- कार्यक्रमों व समितियों की सौंपी जाएगी जिम्मेदारी
2024-06-25 04:34 PM
519
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के नए कार्यकाल 2024- 26 के लिए नव निर्वाचित कार्यकारिणी की पहली बैठक बुधवार, 26 जून को शाम 6:30 बजे होगी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय मधुकर काले के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में नियमानुसार मनोनीत किए जाने वाले सात नए कार्यकारिणी सदस्यों के नामों की घोषणा की जाएगी। इसके अलावा 15 समितियों के प्रभारी-सह प्रभारी भी तय किए जाएंगे और नए सिरे से उनके दायित्वों का निर्धारण होगा।
अध्यक्ष अजय काले के मुताबिक नए कार्यकारिणी सदस्यों का चयन और प्रकल्पों व विभिन्न कार्यों का आवंटन एक सामान्य व औपचारिक प्रक्रिया है, क्योंकि सभी सदस्य आपस में मिलजुल कर ही काम करते हैं। पिछले कार्यकाल में जो कार्यकारिणी सदस्य अपनी बदलती पारिवारिक व व्यावसायिक व्यस्तताओं के कारण अपेक्षाकृत कम समय दे पा रहे थे, उनके स्थान पर ऐसे सभासदों को लाने का प्रयास होगा, जो संस्था को अधिक समय दें एवं अपने सभी दायित्वों का निर्वहन कर सके।
काले ने कहा कि इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्यों से यह भी अपेक्षा होती है कि अपने प्रकल्पों के कार्यों के अलावा अन्य समितियों के कार्यों, कार्यक्रमों और प्रकल्पों में भी अपनी सशक्त उपस्थिति दिखाए। अपेक्षाकृत कम सक्रिय सदस्यों को पदाधिकारियों की टीम से हटाने का प्रावधान नहीं है, बल्कि उन्हें नई जिम्मेदारी दी जाएगी है, जो उनके संस्था के लिए उपलब्ध समय के अनुसार होगी।
कुल मिलाकर 26 जून की बैठक के बाद महाराष्ट्र मंडल का नया पोर्टफोलियो घोषित किया जाएगा। इनमें दो से तीन नए नाम मनोनीत कार्यकारिणी सदस्य के रूप में सामने आ सकते हैं। बैठक को लेकर समिति प्रभारियों में खासी हलचल है। ज्यादातर यह कयास लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि किन- किन समितियां के प्रभारी यथावत रहते हैं और किन प्रकल्पों व समितियों को नए प्रभारी और सह प्रभारी मिलेंगे।