महाराष्ट्र मंडल में 27 से संस्थागत कैरम स्पर्धा.... क्रीडा समिति की त्रैमासिक कार्ययोजना फाइनल... अंताक्षरी प्रतियोगिता 4 अगस्त को
2024-07-10 08:14 PM
922
रायपुर। चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में नगर स्तरीय संस्थागत कैरम स्पर्धा 27 और 28 जुलाई को आयोजित की गई है। मंडल की उपाध्यक्ष और क्रीडा समिति की समन्वयक गीता दलाल ने इस आशय की जानकारी दी।
महाराष्ट्र मंडल कार्यालय में बुधवार, दोपहर को हुई बैठक में क्रीड़ा समिति की त्रैमासिक कार्ययोजना पर चर्चा की गई और इसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। गीता के अनुसार इससे पहले जुलाई के तीसरे व श्रावण मास के पहले सप्ताह में महिलाओं के बीच मंगला गौरी स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन महाराष्ट्र मंडल के अलावा रायपुर शहर में भी पहली बार होगा।
महाराष्ट्र मंडल की उपाध्यक्ष के मुताबिक रायपुर शहर में पहली बार 27 और 28 जुलाई को संस्थागत स्पर्धा में कई ऐसी संस्थाओं के छिपे हुए खिलाड़ियों से परिचय होगा, जिन्हें अब तक अपना हुनर दिखाने का अवसर नहीं मिला। खेल समिति की समन्वयक ने बताया की 4 अगस्त को नगर स्तरीय अंताक्षरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। गत वर्ष भी महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में आयोजित इस स्पर्धा में शहर की कई जानी- मानी टीमों ने भाग लिया था और विजेता- उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सोने के सिक्के बतौर इनाम दिए गए थे।
गीता दलाल के अनुसार अगस्त के तीसरे सप्ताह में शैक्षणिक संस्थाओं और डांस एकेडमी के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के बीच बैटल स्पोर्ट्स डांस कंपटीशन का आयोजन किया जाएगा। महाराष्ट्र मंडल पहली बार जिला स्तरीय खेल स्पर्धा का आयोजन करने जा रहा है। गीता दलाल के मुताबिक संत ज्ञानेश्वर स्कूल में रॉक बाल, वॉलीबॉल और नेटबॉल को प्रमोट किया जाएगा। इसमें भाग लेने वाले बच्चों को न केवल इन खेलों से संबंधित संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, बल्कि बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
बैठक में खेल समिति प्रमुख ओपी कटारिया, हेमंत मार्डीकर, मालती मिश्रा, सुधीर जाउलकर, पवन ओगले पल्लवी मुकदम, प्रगति ओगले, मीणा लोनकर, किरण इंगले समेत अनेक सदस्य उपस्थित रहे।