दिव्य महाराष्ट्र मंडल

लक्ष्य निर्धारित कर उसमें डूब जाए, सफलता जरूर मिलेगीः खंडेलवाल

0- संत ज्ञानेश्वर स्कूल में छात्र परिषद के गठन के साथ शपथ ग्रहण भी

रायपुर। जीवन में अगर सफल होना है, तो पहले अपने लिए लक्ष्य का निर्धारण करें। फिर उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरी तरह से डूब जाए, तो आपको सफलता जरूर मिलेगी। उक्ताशय के विचार जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) रायपुर विजय खंडेलवाल ने संत ज्ञानेश्वर स्कूल के छात्र परिषद गठन पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में व्यक्त किया। 

 
महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल में शनिवार को छात्र परिषद गठन के साथ शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर डीईओ विजय खंडेलवाल ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य का निर्धारण बेहद आवश्यक है। आपको अपने आप पर गर्व करना चाहिए कि आप आज संत ज्ञानेश्वर स्कूल में पढ़ रहे हो। मैंने इस स्कूल को बनते हुए देखा है। शिक्षा के स्तर और अनुशासन काे देखा है। यही वजह है कि मैंने इस स्कूल को बढ़ते हुए देखा है। यहां से हर वर्ष कोई न कोई बच्चा बड़ी उपलब्धि हासिल कर रहा है। आप सभी भी अपनी क्षमता को पहचानिए और पूरी क्षमता और समर्पण से अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होइए। उन्होंने इस अवसर पर शिक्षकों से कहा कि वे भी बच्चों को क्लास में पढ़ाने के पहले खुद भी अच्छे से तैयारी करे। समय से पहले क्लास रूम में पहुंचे। 

 
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि महासमुंद डीईओ एमआर सावंत ने शिक्षकों से कहा कि शिक्षकीय जीवन या तो बहुत अच्छा होगा या बहुत खराब। आपका बच्चों के लिए अच्छा होना आपके समर्पण पर निर्भर करता है। पूरी ईमानदारी और लगन के साथ अपना शिक्षकीय कार्य करें। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ने की बात कहते हुए कहा कि आज आप सभी की उम्र 16-17 साल की है। ऐसे में आज आपको अपने माता-पिता के संघर्ष का पता नहीं चलता है। बाद में जब आप बड़े होंगे तो आपको यह एहसास होगा कि आपको पढ़ाने के लिए आपके परिजनों ने कितना संघर्ष किया है। इसलिए आज से ही उनके संघर्षों के पहचानो और सफलता के लिए जुट जाओ। आप सभी को रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहना चाहिए।

 
इससे पहले मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले अध्यक्षीय संबोधन में महाराष्ट्र मंडल के 89 साल के इतिहास की जानकारी देते हुए बच्चों को बेहतर परिणाम देने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी। प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। हाउस कोआर्डिनेटर शिखा सूद और मेघा जैन ने सदनों की गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। अतिथियों का परिचय शिक्षिका तृप्ति अग्निहोत्री ने दिया। इसके उपरांत अतिथियों ने छात्रों को शपथ दिलाई और बैच पहनाया। आभार प्रदर्शन उपप्राचार्य राहुल वोडितेलवार ने किया। इस अवसर पर बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, शाला प्रभारी पारितोष डोनगांवकर, सह प्रभारी नवीन देशमुख, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी, रेणुका पुराणिक, महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, नमिता शेष, आस्था काले, सुकृत गनौदवाले सहित कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद थे।