दिव्य महाराष्ट्र मंडल

केंद्रीय मंत्री करेंगे दिव्य कला मेला का शुभारंभ... महाराष्ट्र मंडल का लगा स्टाल

रायपुर। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार रायपुर में आयोजित 17वें दिव्य कला मेला का उद्घाटन करेंगे। यह मेला दिव्यांग कारीगरों और उद्यमियों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित करने के साथ उनकी प्रतिभा और रचनात्मकता का उत्‍सव मनाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (डीईपीडब्ल्यूडी) द्वारा किया जा रहा है। 

महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित दिव्यांग बालिका विकास गृह के प्रभारी प्रसन्न निमोणकर ने बताया कि शंकर नगर बीटीआई ग्राउंड में लगे दिवय कला मेला में दिव्यांग बालिकाओं के सहायतार्थ त्योहारी फराळ की बिक्री की जा रही है। यहां राखी को लेकर सूखे नाश्ते उपलब्ध है। जिसमें चिवड़ा, चकली, मीठे और खारे शक्करपारे सहित बहुत कुछ उपलब्ध है, जो घर आने वाले मेहमानों को खिलाने के लिए काफी अच्छे है। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों से होने वाली आय को दिव्यांग बालिकाओं के विकास में खर्च किया जाता है।   

बतादें कि यह दिव्य कला मेला 20 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 100 से अधिक दिव्यांग कारीगरों, कलाकारों और उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की एक विविध श्रृंखलाओं के प्रदर्शन के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। इसमें घर की सजावट, जीवनशैली के उत्पाद, कपड़े, पर्यावरण के अनुकूल सामान, पैकेज्ड खाद्य पदार्थ आदि वस्‍तुओं का एक अनुपम संग्रह होगा। आगंतुकों को इन हस्तनिर्मित वस्तुओं को देखने और खरीदने का अनूठा अवसर मिलेगा, जिनमें से प्रत्येक अपने निर्माताओं की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मकता को दर्शाता है।

रायपुर का दिव्य कला मेला वर्ष 2022 से देश में आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों की 17वीं श्रृंखला है। इसके पिछले संस्करणों के आयोजन को दिल्ली, मुंबई, भोपाल और गुवाहाटी जैसे शहरों में व्यापक प्रशंसा मिली है, जिनमें से प्रत्येक ने कौशल विकास और बाजार प्रदर्शन के माध्यम से दिव्यांगजनों के उत्थान और सशक्तिकरण में पूर्ण योगदान दिया है।