दिव्य महाराष्ट्र मंडल

राजकुमार कालेज के बच्चों ने जाना मंडल कैसे संचालित करता है सामाजिक गतिविधियां

रायपुर। मानव जीवन में संस्कारों और संस्कृति का बड़ा महत्व है और यह सब कुछ छात्र जीवन पर ही निर्भर करता है। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए राजकुमार कॉलेज, रायपुर में विभिन्न प्रकार की गतिविधियां संचालित की जाती हैं. जिनमे से एक गतिविधि है समाज सेवा जिसे सोशल एक्टिविटी क्लब का नाम दिया गया है। इस गतिविधि के तहत आज बच्चे शहर की 89 वर्षीय पुरानी सामाजिक संस्था महाराष्ट्र मंडल पहुंचे। यहां बच्चों ने यह जाना कि मंडल सामाजिक गतिविधियां कैसे संचालित करता है। राजकुमार कॉलेज रायपुर सोशल एक्टिविटी क्लब के 15 विद्यार्थियों एवं 3 शिक्षक शिक्षिकाओं का दल महाराष्ट्र मंडल पहुंचा था।

महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने अपना परिचय देते हुए सभी विद्यार्थियों से उनका परिचय प्राप्त किया और मंडल का इतिहास बताया। उसके बाद विद्यार्थियों ने अपने मन की बात मंडल अध्यक्ष से की। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने कहा कि जिन बच्चों में प्रारंभ से सेवा की भावना का स्वस्थ विकास कर दिया जाता है वे आगे चलकर अपने सेवा-भाव से समाज और देश में प्रतिष्ठा के पात्र बन जाते हैं।

काले ने आगे कहा कि वास्तव में समाज के सुंदर निर्माण और भविष्य में उन्नति के लिए बच्चे में सेवा-भाव का विकास करना अत्यंत आवश्यक है। इस सेवा-भाव को विकसित करने के लिए परिवार, विद्यालय और सामाजिक संस्थाएँ सबसे सुन्दर और बड़ा माध्यम है। आप सभी विद्यार्थी भाग्यवान हैं कि आप राजकुमार कॉलेज जैसी संस्था में पढ़ रहे हैं, जहां आपको समाज सेवा के महत्व को समझाया जा रहा है। मैं आपके प्राचार्य और प्रबंध समिति को इस के लिए दिल से धन्यवाद देता हूँ। अंत में शिक्षिका द्वय संस्कृति कौशल और साक्षी मिश्र ने मंडल अध्यक्ष काले  और सह सचिव परितोष डोनगांवकर को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर राजकुमार कालेज के शिक्षक और महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सभासद आचार्य रंजन मोड़क विशेष रुप से उपस्थित थे।