महाराष्ट्र मंडल में तीज महोत्सव आज,.... वाण सजाओ स्पर्धा के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुति भी
2024-08-29 01:14 PM
654
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के बूढ़ापारा और तात्यापारा महिला केंद्र की ओर से 29 अगस्त को दोपहर 3:30 तीज महोत्सव मनाया जाएगा। इसमें वाण सजाओ स्पर्धा खास रहने वाली है। बताते चले कि वाण सुहासिनों को दिया जाना वाला भेंट है, जो मंगलागौरी उद्यापन के समय दिया जाता है।
कार्यक्रम की संयोजक अपर्णा मोघे और आराधना शेष ने बताया कि तीज महोत्सव और उसमें वाण स्पर्धा का आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़े रखने के लिए किया जा रहा है। तात्यापारा केंद्र की सह संयोजिका सुरभि शेष ने बताया कि नवविवाहित महिलाएं अखंड सौभाग्य और बच्चों के लिए सावन मास में पांच सालों तक मंगलागौरी का व्रत रखतीं हैं। इसमें मां अन्नपूर्णा और शिवलिंग की पूजा की जाती है। सुबह पूजा- अर्चना के बाद सुहासिनों को वाण दिया जाता है। शाम को सुहासिनों की वाण ओली भरते हैं। जिन विवाहिताओं के व्रत पांच साल पूरे हो चुके होते हैं वो सावन के आखिरी मंगलवार को पूजा कर सौभाग्य का वाण देती हैं। नव विवाहिताएं व्रत के पहले वर्ष अपनी सास और पांचवे वर्ष अपनी मां को वाण देती हैं।