दिव्य महाराष्ट्र मंडल

शिक्षक के दायित्वों को सार्थक करने में दें अपना शत- प्रतिशत: अजय मधुकर काले

0- शिक्षक दिवस: महाराष्ट्र मंडल में हुआ संत ज्ञानेश्वर स्कूल के शिक्षकों का सम्मान
0- शिक्षकों को गीता ग्रंथ के साथ दिया गया आकर्षक उपहार
रायपुर। आपकी इच्छा शिक्षक बनने की थी, भगवान ने कहा तथास्तु और आप शिक्षक बन गए, यानी भगवान ने आपकी यह इच्छा पूरी कर दी। अब इसे बरकरार रखने के लिए आपको अपना सौ फीसदी इस प्रोफेशन को देना चाहिए। अपने दायित्वों को सार्थक करने में पूरा प्रयास करना चाहिए। तभी तो आपका जीवन और आपकी इच्छा सफल होगी। उक्ताशय के विचार महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने शिक्षक दिवस के अवसर पर को संत ज्ञानेश्वर स्कूल के शिक्षकों के सम्मान समारोह में कही। 
 
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाराष्ट्र मंडल की आजीवन सभासद और सेवानिवृत्त प्रधानपाठिका संध्या खंगन ने कहा कि वे खुद शिक्षिका रहीं हैं, इसलिए यह समझती हैं कि किसी शिक्षक को सम्मान की इच्छा नहीं होती। लेकिन आपके परिश्रम का फल ईश्वर देता है और यह सम्मान वहीं फल है। 
मंडल के सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने कहा कि शिक्षकों की सम्मान साल के 365 दिन होना चाहिए क्योंकि शिक्षक वह व्यक्तित्व है, जो स्कूल के बच्चों को सही दिशा प्रदान करता है, ताकि वो जीवन में सफल हो सके।  
 
कार्यक्रम का संचालन मंडल उपाध्यक्ष गीता दलाल ने किया। आभार प्रदर्शन करते हुए प्रसन्न निमोणकर ने देश में बच्चियों- महिलाओं की असुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क पर अकेली जा रही लड़की अवसर नहीं दायित्व है। यह केवल शिक्षक ही अपने बच्चों को सिखा सकते है और उन्हें लगातार इस दायित्व का बोध करा सकता है। चंद दशक पहले शिक्षकों के पास छात्रों को शिक्षित करने, अनुशासित रखने व संस्कार देने के कई तरीके थे, उनमें एक महत्वपूर्ण तरीका दंड देना भी था। अब शिक्षक बच्चों से ऊंची आवाज में बात भी नहीं कर सकते। ऐसी स्थिति में बच्चों को शिक्षित, संस्कारिक और अनुशासित करने की शिक्षकों की जिम्मेदारी कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण है। 
 
शिक्षक दिवस समारोह में महाराष्ट्र मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में आयोजित शिक्षिकाओं की कुर्सी दौड़ स्पर्धा में ज्योति साहू प्रथम, रेणुका शुक्ला द्वितीय और शिखा सूद तीसरे स्थान पर रहीं। इस अवसर पर मंडल के मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के सह प्रभारी नवीन देशमुख, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी, नमिता शेष, रेणुका पुराणिक, प्राचार्य मनीष गोवर्धन, उप प्राचार्य राहुल वोड़ितेलवार सहित स्कूल के शिक्षक- शिक्षिकाएं उपस्थित थीं।