महाराष्ट्र मंडल की अपील.... गणेश पंडाल में लगाएं बाल गंगाधर तिलक का फोटो
2024-09-06 09:57 PM
414
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल ने समस्त सार्वजनिक गणेशोत्सव समितियों से आग्रह किया है कि वह गणेश पंडाल में बाल गंगाधर तिलक का फोटो अवश्य लगाएं, ताकि नई पीढ़ी को इस बात की जानकारी हो कि गणेशोत्सव की शुरुआत देश के सभी धर्मों, जातियों, संप्रदायों के लोगों को एक मंच पर लाने के लिए बाल गंगाधर तिलक ने की थी। महाराष्ट्र मंडल की ओर से यह आग्रह सचिव आचार्य चेतन गोविंद दंडवते ने किया है।
आचार्य दंडवते ने कहा कि साल 1893 में बाल गंगाधर तिलक ने सभी जाति, धर्म के लोगों को एक मंच पर लाकर ब्रिटिश हुकूमत को एकजुटता दिखाने के लिए गणेशोत्सव की शुरुआत की थी। चंद वर्षों में ही गणेशोत्सव हिंदुओं के प्रमुख त्योहारों में शामिल हो गया। उन्होंने कहा कि हमारी नई पीढ़ी को इस बात की सीख देना जरूरी है कि देश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए बाल गंगाधर तिलक का सभी को एक स्थान पर एक साथ लाने का प्रयास प्रशंसनीय और उद्देश्यपूर्ण है और इसकी सार्थकता बनाए रखने की जिम्मेदारी हम पर है। यही वजह है कि गणेश पंडाल में बाल गंगाधर तिलक का फोटो लगाकर उन्हें आभार स्वरूप स्मरण करें। महाराष्ट्र मंडल यह अपील गत एक दशक से कर रहा है।