दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल भवन और कार्यक्रमों की प्रशंसा की आईएएस रीना कंगाले व सिद्धार्थ कोलम सिंह परदेशी ने

0- गणेशोत्सव के अलग-अलग दिनों में पहुंचे अफसरों व जनप्रतिनिधियों ने विविध आयोजनों का लिया लुत्फ़

रायपुर। चौबे काॅलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में आयोजित शहीद मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक आयोजन में दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारी, पांच बड़े वार्डों के पार्षद सहित कई संस्थाओं के प्रमुख, समाजसेवी, शिक्षाविद व उद्योगपति शामिल हुए। उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि अथवा विशेष अतिथि श्रीगणेश की आरती में शामिल होने के साथ ही गणेशोत्सव के विविध कार्यक्रमों का लुत्फ़ भी लिया।

मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन ने बताया कि गणेशोत्सव के 11 दिनों के विविध कार्यक्रमों में हर दिन कोई न कोई मुख्य या विशेष अतिथि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल रहा। सोमवार की शाम को श्री गणेश की आरती के बाद मराठी हास्य नाटक 'भानगढ़ पहावी लपवून' में मुख्य राज्य निर्वाचन अधिकारी रीना बाबा साहब कंगाले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि 20 सालों से वे छत्तीसगढ़ में सेवाएं दे रहीं हैं और इतने ही समय से वे महाराष्ट्र मंडल से भी जुड़ीं हुई हैं। यहां से उन्हें इतना स्नेह मिला कि वे अपने परिवार को कई बार भूल जातीं हैं।

रीना कंगाले ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक क्षेत्रों में बेमिसाल कार्य कर रहा है। कोरोना काल में मानवता की सेवा कर इस संस्थान ने बड़ा काम किया। इसी तरह लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान महाराष्ट्र मंडल ने जनजागरूकता के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बाद आल ओवर इंडिया लेवल पर उत्कृष्ठ चुनाव संचालक चुने जाने के बाद मंडल ने उनका सम्मान किया। यह उनके लिए अविस्मरणीय है।

शनिवार को आजीवन सभासदों का सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने सपरिवार पहुंचे स्कूली शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने भी सबसे पहले गणपति बप्पा की आरती की। इस अवसर पर परदेशी ने कहा कि जब वे रायपुर कलेक्टर थे, तब से महाराष्ट्र मंडल से जुड़े हैं। मंडल के सेवाभावी कार्य उन्हें यहां आने के लिए प्रेरित करते हैं। इन 12- 13 वर्षों में महाराष्ट्र मंडल ने अतुलनीय प्रगति की है। सामाजिक कार्यों के साथ जन जागरूकता के कार्यक्रम सतत् चलाए जा रहे हैं। स्कूल एजुकेशन के लिए भी यह संस्था अच्छा काम कर रही है।

अगोरा व धर्म नाटक देखने पहुंचे पांच पार्षद, किन्नर प्रमुख

गणेशोत्सव में कार्यक्रमों की श्रृंखला में हिंदी नाटक 'धर्म' और छत्तीसगढ़ी नाटक 'अगोरा' के मंचन के समय विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ पार्षद मृत्युंजय दुबे, निगम के उपनेता प्रतिपक्ष पार्षद मनोज वर्मा, पार्षद सरिता आकाश दुबे, पार्षद अमर बंसल और पार्षद दीपक जायसवाल पहुंचे। सभी ने मंडल परिसर का भ्रमण कर इसके नए वास्तु की प्रशंसा की। इन पार्षदों ने कहा कि वे काफी लंबे समय बाद यहां आएं हैं और महाराष्ट्र मंडल का नया भवन देखकर वे सभी भी गौरवान्वित हैं।