NPS वात्सल्य स्कीम.. जानिए कैसे मिलेगा लाभ.. क्या करना होगा आपको
डेस्क। केंद्र सरकार ने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एनपीएस वात्सल्य योजना की शुरुआत की है। जिसे केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 18 सितंबरको लॉन्च किया। यह योजना जुलाई 2024 के बजट में घोषित की गई थी और इसका प्रबंधन पेंशन फंड नियामक और विकास प्राधिकरण (PFRDA) अंतर्गत किया जाएगा।
एनपीएस वात्सल्य योजना एक दीर्घकालिक निवेश का अवसर प्रदान करती है जो उनके रिटायरमेंट तक उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी। यह योजना माता-पिता को अपने बच्चों के भविष्य के लिए एक मजबूत वित्तीय आधार तैयार करने का अवसर देती है।
इस योजना का लाभ कोई भी नाबालिग उठा सकता है। इसके तहत वात्सल्य अकाउंट खोलने के लिए न्यूनतम एक हजार रुपये की प्रारंभिक राशि जमा करने की आवश्यकता होगी। इसके बाद, हर साल कम से कम एक हजार रुपये का योगदान अनिवार्य है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अनुसार, एनपीएस ने अब तक इक्विटी में 14%, कॉर्पोरेट बॉन्ड में 9.1%, और सरकारी प्रतिभूतियों में 8.8% का रिटर्न दिया है। यदि माता-पिता 18 वर्षों तक हर साल ₹10,000 का योगदान करते हैं, तो 10% की अनुमानित दर से निवेश का मूल्य 18 वर्षों में लगभग ₹5 लाख हो सकता है। यदि यह निवेश 60 साल तक जारी रहता है, तो संभावित रिटर्न के आधार पर यह कोष काफी बड़ी राशि में तब्दील हो सकता है।