दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल ने गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज सेजबहार में बड़े पैमाने पर किया पौधारोपण

रायपुर। गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज (जीईसी) सेजबहार में बुधवार को महाराष्ट्र मंडल की पर्यावरण समिति ने बड़े पैमाने पर छायादार और फलदार पौधों का रोपण किया। इस मौके पर कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़े लगभग 300 स्वयंसेवकों का सहयोग उल्लेखनीय रहा। 
 
 
इस मौके पर पर्यावरण समिति के विशेष सलाहकार जेएस उरकुरकर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ और बेहतर जीवन जीने के लिए आपके आसपास 33 प्रतिशत जंगल का होना बहुत जरूरी है। हम सौभाग्यशाली हैं कि छत्तीसगढ़ में 44 फ़ीसदी से ज्यादा जंगल है, लेकिन यह लगातार घट रहे हैं। हम 44 फ़ीसदी जंगल के आंकड़ों पर संतुष्ट होकर आराम से नहीं बैठ सकते, बल्कि तेजी से हो रही अवैध कटाई और ग्लोबल वार्मिंग के चलते हमें छत्तीसगढ़ में 46 फीसदी वनाच्छादित क्षेत्र के औसत को बनाए रखना होगा। इसके लिए भरपूर तैयारी, मेहनत, समर्पण की जरूरत होगी। लोगों को पर्यावरण के प्रति लगातार जागृत करते रहना होगा। 
 
 
जीईसी में भी बड़े पैमाने पर पौधा रोपण करने के बाद पर्यावरण समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों  व एनएसएस के स्वयंसेवकों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। इस मौके पर डा. श्वेता चौबे,  रेखा उरकुरकर, महिला प्रमुख अनघा करकशे, पुरुष प्रमुख वैभव बर्बे, गिरीश मोडक, डाॅ. वर्षा वासनिक, सीमा मिसले, मंजूषा संत, समन्वयक अभय भागवतकर समेत काॅलेज के प्रीसिंपल डाॅ. एमआर खान, डाॅ. चौधरी, एनएसएस यूनिट के प्रभारी प्रशांत साहू उपस्थित थे।