बावड़ी में गिरने से अब तक 35 लोगों की मौत... मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका... रेस्क्यू अभियान जारी
2023-03-31 12:46 PM
295
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया था। इस हादसे में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 35 लोगों के मौत की पुष्टि शासन-प्रशासन ने की है, वहीं मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका जाहिर की जा रही है। संख्या को लेकर किसी तरह का अनुमान फिलहाल नहीं लगाया जा सका है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस प्रत्याशित घटना को लेकर दुख जताया है, वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल दाखिल किया गया है, जहां उनसे मिलने मुख्यमंत्री शिवराज खुद भी पहुंचे थे।
विदित है कि गुरुवार को रामनवमी के अवसर पर इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में बड़ी तादाद में लोग हवन-पूजा में शामिल होने के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान मंदिर के भीतर बनी बावड़ी का छत धसक गया। उस वक्त उस छत पर बड़ी संख्या में लोग खड़े हुए थे, जो छत धसकने से मलबे सहित भीतर गिर गए। मची चीख पुकार के बीच जिला, पुलिस और निगम प्रशासन का अमला पहुंचा और बचाव कार्य शुरु किया गया।
गुरुवार को पहले मौतों की संख्या 11 सामने आई थी, जो बढ़कर 13, फिर 14 और अब 35 पहुंच गई है। बचाव कार्य अब भी जारी है। बावड़ी के भीतर मलबा काफी मात्रा में है, जिसकी वजह से सही जानकारी नहीं मिल पा रही है कि भीतर कोई और दबा हुआ है, या फिर सभी बाहर निकाले जा चुके हैं। लिहाजा मलबा हटाने का काम जारी है। साथ ही आशंका भी व्यक्त की जा रही है कि मलबे के साथ और भी लाश बाहर आ सकती है।