PMO का नया पता होगा सेंट्रल विस्टा का एग्जिक्यूटिव एन्क्लेव... 78 साल बाद बदला पता
डेस्क। साउथ ब्लॉक में स्थित PMO अगले महीने सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत बने एग्जिक्यूटिव एन्क्लेव में स्थानांतरित हो जाएगा। लगभग आठ दशक बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का पता बदलने जा रहा है। नए एन्क्लेव में प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ-साथ कैबिनेट सचिवालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और अत्याधुनिक कॉन्फ्रेंसिंग सुविधाएं भी होंगी। यह परिसर प्रधानमंत्री आवास के नजदीक होगा। मौजूदा साउथ ब्लॉक दफ्तर में जगह और आधुनिक सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार PMO का नाम भी बदला जा सकता है। प्रधानमंत्री मोदी पहले ही कह चुके हैं कि PMO जनता का होना चाहिए, यह किसी व्यक्ति विशेष का कार्यालय नहीं है। हाल ही में गृह मंत्रालय और कार्मिक मंत्रालय के नए कार्यालय ‘कर्तव्य भवन-3’ का उद्घाटन करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि प्रशासनिक कामकाज अब भी ब्रिटिशकालीन इमारतों से संचालित होता है, जहां रोशनी और वेंटिलेशन की भारी कमी है।
गौरतलब है कि नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक पिछले 78 वर्षों से केंद्र सरकार के प्रशासनिक कामकाज का मुख्य केंद्र रहे हैं। इनके स्थान पर अब ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ बनाया जाएगा, जिसे आम जनता के लिए खोला जाएगा।