देश-विदेश

शादी से लौट रहा था परिवार... अनियंत्रित होकर कुएं में गिरी कार... छह बच्चों सहित नौ की मौत

 डेस्क। शादी से लौट रहा एक परिवार शुक्रवार रात सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादेसमें छह बच्चों सहित कुल नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कुएं में गिर गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे। यह हादसा महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी शहर के शिवाजी नगर इलाके में शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि मारुति XL6 कार अचानक संतुलन खो बैठी और पास के कुएं में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। करीब आधी रात को दो क्रेनों और तैराकों की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला गया। कार में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो चुकी थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक मध्य प्रदेश के इंदौर के एक ही परिवार के सदस्य थे। मृतकों में सुनील दत्तु दरगुडे, उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुडे समेत छह बच्चे शामिल हैं। बच्चों की उम्र 7 से 14 साल के बीच बताई जा रही है। फिलहाल सभी शवों को डिंडोरी के सरकारी अस्पताल में रखा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

----------