देश-विदेश

"मेरी माटी मेरा देश" अभियान भारत माता की आराधनाः मुख्यमंत्री

 भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 'मेरी माटी-मेरा देश' महत्वपूर्ण अभियान है। इस अद्भुत गतिविधि से पूरे प्रदेश में देशभक्ति की भावना का संचार होगा। यह एक तरह से भारत माता की आराधना और पूजा है। अभियान से सभी प्रदेशवासियों को जोड़ा जाए। सभी जन-प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, नगरीय निकायों के सदस्य, सामाजिक, स्वयंसेवी, व्यापारी और धार्मिक संगठन, विद्यार्थी, खिलाड़ी, कर्मचारी, भजन मंडलियां, स्थानीय कलाकारों को अभियान से जोड़ा जाए। अभियान की थीम पर सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रतियोगिताएँ भी हों।

मेरी माटी-मेरा देश केवल शासकीय कार्यक्रम न बनकर रह जाए, देशभक्ति के इस कार्यक्रम से सभी व्यक्ति मन से जुड़ें। हर घर पर तिरंगा फहराया जाए और अमृत उद्यानों में पौध-रोपण भी हो। मैं स्वयं भी 14 अगस्त को लाड़ली बहनों के साथ 75 पौधे लगाऊंगा। नई पीढ़ी को देशभक्ति के संस्कार देना आवश्यक है, अत: मेरी माटी मेरा देश अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान अभियान पर केन्द्रित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में जानकारी दी गई कि आजादी के अमृत महोत्सव के समापन समारोह के रूप में इस अभियान में 9 से 15 अगस्त तक गतिविधियां संचालित होंगी। शिलाफलकम (स्मारक) की स्थापना, पंच प्रण की शपथ, वसुधा वंदन, वीरों का वंदन, राष्ट्रध्वज फहराना तथा राष्ट्रगान का गायन अभियान के प्रमुख घटक हैं। प्रत्येक पंचायत तथा नगरीय निकाय में विद्यमान स्थानीय विद्यालय परिसर में शिलाफलकम (स्मारक) की स्थापना की जाएगी। स्मारक स्थल पर हाथ में दीपक लेकर पंच प्रण की शपथ के बाद व्यक्तियों द्वारा पोर्टल https://yuva.gov.in/meri_maati_mera_desh पर सेल्फी अपलोड की जाएगी।

वसुधा वंदन के अंतर्गत अमृत सरोवरों अथवा विद्यालयों तथा उपयुक्त सार्वजनिक स्थानों के आसपास 75 पौधे लगाए जाएंगे। वीरों का वंदन के अंतर्गत कर्तव्य पर रहते हुए अपने जीवन का बलिदान देने वाले स्थानीय वीरों, वीरांगनाओं का स्मरण कर स्वतंत्रता सेनानियों, सेवानिवृत्त रक्षा, अर्धसैनिक बल और राज्य पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्र-गान के बाद समारोह का समापन होगा।

----------