पेशी के लिए कोर्ट लाए गए दो भैंस... मामला जानने उमड़ पड़ी भीड़... हर कोई होता रहा हैरान, पढ़िए पूरा मामला
2023-08-11 04:16 PM
392
जयपुर। अपनी तरह का यह अनोखा मामला है, जहां भैंस को पेशी के लिए कोर्ट बुलाया गया, और उन्हें लेकर आना भी पड़ा। अटपटा ही सही, पर यह एक सच्ची घटना है। दरअसल, भैंस को पेशी के लिए कोर्ट बुलाया जाना, अपने आप में सोचनीय विषय है, क्योंकि अभी तक कोर्ट में आरोपी-पीड़ित और सिर्फ वकील-पुलिस को ही देखा गया है, लेकिन किसी भैंस को कोर्ट में पेशी के लिए बुलाया गया हो, ऐसा किसी ने इससे पहले कभी शायद ही सुना होगा।
जी हां यह एक मामला राजस्थान के जयपुर से सामने आया है, जहां पर चोरी हुई भैंस मालिक की है या नहीं इसकी पहचान के लिए कोर्ट ने भैंस को पेशी में बुलाया। दरअसल, जयपुर के बिशनपुरा निंदड़ बालाजी निवासी चरण सिंह सेरावत की तीन महंगी भैंस जुलाई 2012 में चोरी हो गई थी। चरण सिंह ने इसकी शिकायत हड़माड़ा पुलिस थाने में दर्ज भी कराई थी। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए भरतपुर नगर के रहने वाले आरोपी अरशद मेव को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से दो भैंस भी बरामद की गई। आरोपी ने एक भैंस की मृत्यु होने की बात कही।
अब पुलिस ने दो भैंस तो जब्त कर लिए थे पर ये भैंस चरण सिंह की है या नहीं इसकी पुष्टि के लिए ये मामला कोर्ट में पहुंचा। 11 साल बाद इस मामले में 10 अगस्त को कार्यालय तहसीलदार एवं मजिस्ट्रेट तहसील चौमूँ पेश होने कहा गया। यहां पर 21 गवाहों में 5 लोगों की गवाही ली गई। 16 की गवाही अभी बाकी है, जिसके बाद भैंस को मालिक चरण सिंह को सौंप दिया जाएगा। अभी भैंस अस्थाई तौर पर परिवादी के पास है।