महाराष्ट्र सरकार का स्वास्थ्य को लेकर बड़ा फैसला... 15 अगस्त से प्रदेश के सभी अस्पतालों में मुफ्त होगा उपचार
2023-08-13 12:13 PM
361
स्वंतत्रता दिवस को लेकर देश में चल रही तैयारियों के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रदेश के करोड़ों लोगों को बड़ी सौगात दिए जाने के फैसले पर मुहर लगा दी है। जिसके मुताबिक 15 अगस्त से प्रदेशभर में हर तरह की बीमारियों का उपचार बिल्कुल मुफ्त होगा। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत इसकी घोषणा 3 अगस्त को की थी। उन्होंने कहा था कि सभी सरकारी अस्पतालों में इलाज मुफ्त किया जाएगा और इसका खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
स्वास्थ्य के अधिकार (अनुच्छेद 21) के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, ग्रामीण अस्पतालों, महिला अस्पतालों, जिला सामान्य अस्पतालों, उपजिला अस्पताल, सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों और कैंसर अस्पतालों में इलाज मुफ्त होगा। आदेश के मुताबिक, नासिक और अमरावती में कैंसर अस्पताल भी मुफ्त इलाज की सुविधा देंगे।
ये मुफ्त सुविधाएं राज्य सरकार के अधीन संचालित कुल 2,418 अस्पतालों और चिकित्सा केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। आपको यह भी बता दें कि यह योजना चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत किसी भी अस्पताल या मेडिकल कॉलेज पर लागू नहीं होती है।