देश-विदेश

आफत की बारिशः सोलन में बादल फटने से 7 की मौत, समरहिल में दो दर्जन लोगों के दबने की आशंका

शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने कहर बरपा दिया है। सोलन जिला में बादल फटने से 7 लोगों की मौत हो गई। कंडाघाट उपमंडल की ममलीग उप-तहसील के जडौण गांव में आधी रात बादल फटने की घटना हुई है। बादल फटने से दो घर और एक गौशाला बह गई। अभी तक 7 लोगों के शवों को बाहर निकाला जा चुका है। इधर राजधानी शिमला के उपनगर समरहिल में सोमवार सुबह बड़ा भूस्खलन हुआ है। इस घटना में प्राचीन शिव बाड़ी मंदिर ध्वस्त हो गया। राहत व बचाव दलों ने तीन शवों को मलबे से निकाला है। हादसे में करीब दो दर्जन लोगों के दबने की आशंका है। शिमला के डीसी आदित्य नेगी और एसपी संजीव गांधी घटनास्थल पर मौजूद हैं।

सोलन जिला के कंडाघाट के एसडीएम सिद्धार्थ आचार्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 7 लोगों के शवों को निकाला गया है। बीते दिन से भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण पंचायत सायरी के ज़डौण गांव में रति राम और उसके बेटे हरनाम के दो मकान भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हो गए। हरनाम का मकान पूरी तरह से तबाह हो गया है। मकान में 4 व्यक्ति थे, जबकि रति राम के घर में 9 व्यक्ति थे। कुल 5 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 7 व्यक्तियों के शव पुलिस की मदद से निकाले जा चुके हैं। पुलिस और एसडीआरएफ टीम अभी मौके पर मौजूद है। इधर शिमला के उपनगर समरहिल में सोमवार सुबह भूस्खलन हुआ है। हादसे में करीब दो दर्जन लोगों के दबने की आशंका है। शिमला के एसपी संजीव गांधी ने बताया कि राहत कार्य जारी है। मलबे में कई लोग दबे हैं, जिन्हें निकालने की कोशिश जारी है।

इधर भारी बारिश से चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे-5 फिर से बंद हो गया है। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। चक्की मोड़ पर पहाड़ से मलबा गिरा है। नेशनल हाईवे से डायवर्ट अंदरुनी मार्ग भी भूस्खलन के कारण बंद हो गए हैं। शिमला और चंडीगढ़ का संपर्क अब पूरी तरह से टूट गया है। चंडीगढ़ से कसौली जंगेशु मार्ग भी बंद होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चंडीगढ़ से वाया बद्दी होकर सोलन और शिमला जाने का विकल्प भी खत्म हो गया है। इधर मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

----------