हर घर तिरंगा यात्रा के दौरान तिरंगामय हुआ बुधनी, उमंग और उत्साह के साथ निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा
2023-08-14 03:44 PM
504
भोपाल। आजादी के अमृत महोत्सव के "हर घर तिरंगा" अभियान में आज बुधनी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री ने बुधनी में एक अन्य कार्यक्रम में विकास पर्व के तहत 714 करोड़ 91 लाख की लागत वाले 500 बिस्तर के मेडिकल कॉलेज, 284 करोड़ 16 लाख लागत के बुधनी-भेरूंदा-रेहटी राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण और रेलवे अंडर ब्रिज 8 करोड़ 15 लाख का भूमिपूजन करने के बाद एक बड़ी जनसभा में संवाद किया।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्रा, नगरवासी तथा जन-प्रतिनिधि हाथों में तिरंगा लेकर और भारत माता की जय तथा वंदे-मातरम का उद्घोष करते हुए शामिल हुए। नगरवासियों ने पूरे रास्ते पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। यात्रा के लिए स्वागत मंचों को फ़ूलों, स्वागत द्वारों और तिरंगे के रंग में रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। मुख्यमंत्री ने भी नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनका अभिवादन किया।
मुख्यमंत्री ने आज तिरंगा यात्रा के साथ सभा में आए विद्यार्थियो से खूब बात की। उन्होंने कहा कि बेटे-बेटियो आप खूब मन लगाकर पढाई करिए, आगे बढ़ों, आपके लिए मेधावी विद्यार्थी योजना तो है ही जिससे आपकी उच्च शिक्षा की पढ़ाई की फीस आपका मामा भरेगा। उन्होंने कहा कि सीखो-कमाओ योजना भी आपके लिए है, स्व-रोजगार के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना भी है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी में भर्ती जारी है और यह आगे भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिंदी में होगी।
तिरंगा यात्रा में इसके पहले बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों, महिलाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने अपने घरों की छत और बालकनी से पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। चारों ओर "ये देश है वीर जवानों का", "ऐ वतन-वतन मेरे आजाद रहे तू", "मेरे देश की धरती," "ये देश है वीर जवानों का" जैसे देशभक्ति गीतों की गूंज सुनाई दे रही थी। अनेक मंचों पर विद्यार्थियों ने अमर शहीदों की वेशभूषा धारण कर वीर शहीदों की याद दिलाई।