लखनऊ। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के लोकसभा चुनाव 2024 में उतरने पर मंडरा खतरा टल गया है। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सजा पर रोक लगाकर आगामी लोकसभा चुनाव में दावेदारी किए जाने का रास्ता साफ कर दिया है। इसके बाद अब राहुल गांधी की लोकसभा सीट को लेकर हुए मंथन के बीच उत्तरप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने ऐलान कर दिया है।
यूपी पीसीसी अध्यक्ष अजय राय ने ऐलान किया है कि राहुल गांधी एक बार फिर अमेठी से ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। बता दें कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी ने इस सीट पर कमल खिलाया था। वहीं कांग्रेस अपनी पंरपरागत सीट हार गई थी। हालांकि राहुल गांधी ने केरल के वायनाड सीट पर जीत हासिल की थी और संसद पहुंचे थे।
यूपी में भाजपा ने साल 2019 के चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया था। हालात इस बार भी वैसे ही हैं। उत्तरप्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार चल रही है, तो भाजपा का प्रदेश में शानदार प्रदर्शन इस बार भी नजर आ रहा है। ऐसे में कांग्रेस राहुल गांधी के जरिए यूपी में वापसी की राह देख रही है।