आज इतिहास रचने को तैयार भारत... अंतिम 15 मिनट पर टिकी रहेंगी निगाहें... फिर झूम उठेगा हिस्दुस्तान
2023-08-23 03:01 PM
316
आज का दिन भारत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए बेहद अहम है। भारत के साथ ही साथ पूरे विश्व की निगाह आज चांद पर टिकी हुई है, क्योंकि चंद्रयान—3 आज शाम यानी 23 अगस्त को शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग शुरू करेगा। इस दौरान 15 मिनट बेहद अहम होंगे क्योंकि उस वक्त इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (ISRO) के साइंटिस्ट स्पेसक्राफ्ट को कमांड नहीं देंगे और वह खुद ही सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। इतने दिनों की मेहनत इन 15 मिनट पर ही टिकी है।
साल 2019 में जब चंद्रयान-2 फेल हुआ था, तो उस वक्त इसरो के अध्यक्ष के सीवान ने इसको खतरनाक समय बताते हुए 'टेरर ऑफ 15 मिनट' कहा था। इन 15 मिनट के दौरान चंद्रयान-3 का लैंडर विक्रम स्पीड के साथ हॉरिजॉन्टल से वर्टिकल पोजीशन में शिफ्ट करते हुए चांद की सतह पर उतरेगा। चंद्रयान-2 की लैंडिंग के दौरान लैंडर विक्रम हॉरिजोंटल से वर्टिकल पोजीशन स्विच करने में फेल हो गया। उस वक्त लैंडर विक्रम चांद की सतह से केवल 7.42 किमी की दूरी पर ही था और 'फाइन ब्रेकिंग फेज' में प्रवेश करने ही वाला था, लेकिन वह क्रैश हो गया।
पूरा है विश्वास, होंगे कामयाब
इसरो अध्यक्ष एस. सोमनाथ का कहना है कि लैंडर विक्रम 3 मीटर प्रति सेकेंड (10 किमी/घंटा) की स्पीड से भी बगैर इसके इंस्ट्र्रूमेंट्स को नुकसान पहुंचाए चांद की सतह पर उतर सकता है, लेकिन ऑप्टिमल स्पीड 2 मीटर/ सेकेंड (7.2 किमी प्रति घंटा) होनी चाहिए। 12 डिग्री झुका होने पर भी लैंडर विक्रम सुरक्षित चांद पर उतर सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार हर हाल में कामयाबी मिलेगी।
झूमने के लिए बेताब हिन्दुस्तान
चंद्रयान 3 की आज लैंडिंग को लेकर देशभर में पूजा और व्रत किया जा रहा है। भारत के लोग चंद्रयान के सफलतापूर्वक लैंडिंग को लेकर प्रार्थनाएं कर रहे हैं। शाम 6.04 बजे जैसे ही चंद्रयान की लैंडिंग शुरु होगी, उसके बाद के 15 मिनट सबसे ज्यादा अहम होंगे। इस दौरान चंद्रयान को साफ्ट लैंडिंग करना है। जैसे ही चंद्रयान लैंडिंग पूरी करेगा, पूरा देश खुशी के मारे झूम उठेगा।