देश-विदेश

मुख्यमंत्री के बेटे के बयान पर भड़के शाह... कहा, सनातन धर्म का अपमान करने वालों को... सबक सिखाएगी जनता

तमिलनाडू के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को बीमारी बताया है। अपने बयान में उदयनिधि ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू और मलेरिया से करते हुए इसे समाप्त करने की बात कही है। देश के एक वृहद राज्य के मुखिया के बेटे के साथ ही उदयनिधि खुद भी एक जिम्मेदार मंत्री हैं, जिसके चलते उनके बयान को लेकर सियासी पारा गर्म हो गया है। 

दिल्ली में भाजपा ने उदयनिधि के खिलाफ आपत्तिजनक बयान को लेकर एफआईआर दर्ज करा दिया है, तो उदयनिधि पर नरसंहार के लिए उत्प्रेरित करने का आरोप लगाया गया है। वहीं इस मामले को लेकर उदयनिधि ने स्पष्टीकरण दिया है कि वे अपने बयान पर कायम हैं, लेकिन नरसंहार का आरोप गलत तरीके से लगाया जा रहा है। 

इधर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उदयनिधि के बयान पर जमकर भड़के हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सनातनियों का देश है और यहां सनातन का ही अपमान करने का दुस्साहस किया जा रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि देश में सनातन के खिलाफ जाकर तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को सबक जनता ही सिखाएगी।
 
गृहमंत्री शाह ने कहा कि भारत में 90 फीसदी आबादी सनातन धर्म के पदचिन्हों पर चल रही है। सनातन धर्म की तुलना बीमारी से कर उसे समाप्त किए जाने की जो बात कही जा रही है, उसका सीधा अर्थ समझ आ रहा है। शाह ने कहा कि देश की जनता इस अपमान को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। 

 

----------