प्रधानमंत्री ने एम्स देवघर में 10,000वें जन औषधि केंद्र का किया उद्घाटन.... जन औषधि केंद्रों की संख्या 25 हजार करने का कार्यक्रम शुरू
नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज एम्स, देवघर में 10,000वें जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने देश में जन औषधि केंद्रों की संख्या 10,000 से बढ़ाकर 25,000 करने का कार्यक्रम भी लॉन्च किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री महिला किसान ड्रोन केंद्र का भी शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से बातचीत की।
केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भी एम्स, देवघर से इस कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां 10,000वां जन औषधि केंद्र राष्ट्र को समर्पित किया गया है। डॉ. मनसुख मांडविया ने लाभार्थियों से बातचीत भी की है। डॉ. मांडविया ने फसल वाले खेत में ड्रोन द्वारा इफको के नैनो यूरिया छिड़काव का प्रत्यक्ष प्रदर्शन देखने के लिए देवघर के रामलडीह गांव का भी दौरा किया।
स्वास्थ्य सुविधा को किफायती और सुलभ बनाना प्रधानमंत्री के स्वस्थ भारत के विजन का आधार रहा है। सस्ती कीमत पर दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जन औषधि केंद्र की स्थापना करना इस दिशा में एक प्रमुख पहल रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, भारत सरकार ने देश भर में 2000 प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) को प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र खोलने की अनुमति देने का निर्णय लिया। राष्ट्र के हर कोने तक पहुंचने के वादे को ध्यान में रखते हुए, पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समिति) में जनऔषधि केंद्रों के साथ-साथ निम्नलिखित चार स्थानों पर व्यक्तिगत जनऔषधि केंद्रों का भी उद्घाटन किया।
i. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, देवघर, रामपुर, झारखंड
ii. वत्सवई पैक्स, ग्राम वत्सवई मुख्य सड़क, जिला एनटीआर, आंध्र प्रदेश
iii. जन औषधि केंद्र, 1 निर्मला प्लाजा, ए ब्लॉक, 1ए फॉरेस्ट पार्क, भुवनेश्वर, ओडिशा
iv. iv. जन औषधि केंद्र, बाल भीम, पल्हाना ब्लॉक, जिला कोल्हापुर, महाराष्ट्र