भारत ऊर्जा सप्ताह 2024: ऊर्जा उत्पाद देश लीबिया, सूडान और घाना के ऊर्जा मंत्री होंगे शामिल
नईदिल्ली। गोवा में आयोजित होने वाला भारत ऊर्जा सप्ताह, 2024, विश्व के ऊर्जा उत्पादक देशों के ऊर्जा मंत्रियों और तेल तथा गैस बाजार से जुड़े प्रमुख निर्णय लेने वालो को एक छत के नीचे लाएगा। आईईडब्ल्यू मंच दुनिया को एक स्वच्छ भविष्य की ओर ले जाने के लिए अनुभवों के आदान-प्रदान के आधार पर नीतियों पर सहयोग के लिए एक अनुकूल जगह के रूप में काम करेगा।
इस कार्यक्रम में बोलने वाले प्रमुख विदेशी सरकारी पदाधिकारियों में लीबिया, नाइजीरिया, सूडान के पेट्रोलियम मंत्री और घाना, जिबूती और श्रीलंका के ऊर्जा मंत्री शामिल हैं। तेल निर्यातक देशों के लिए निर्णय लेने वाला शीर्ष संगठन, ओपेक, का प्रतिनिधित्व इसके महासचिव हैथन अल ग़ैस करेंगे।
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी आईईडब्ल्यू में कई सम्मेलनों और सत्रों की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा, वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य पर हर तरह का परिप्रेक्ष्य प्रदान करने के लिए, आईईडब्ल्यू 2024 में नियामक निकायों, नवीकरणीय और वैकल्पिक ईंधन संघों और कंपनियों, नीति शोधकर्ताओं और सलाहकारों के वक्ता भी शामिल होंगे।
इसके अतिरिक्त, आईईडब्ल्यू 2024 में वैश्विक स्तर पर निर्णय लेने वाले आयोजित होने वाले रणनीतिक सम्मेलनों में टिकाऊ ऊर्जा के भविष्य पर विचार-विमर्श करेंगे।
इन सत्रों में, दुनिया भर के ऊर्जा मंत्रियों और नीति निर्माताओं के मंत्रिस्तरीय पैनल, वैश्विक व्यापार नेताओं और उद्योग विशेषज्ञों को शामिल करने वाले नेतृत्व पैनल, भारतीय नीति निर्माताओं और ऊर्जा क्षेत्र के नेताओं के नेतृत्व में अनौपचारिक बातचीत और विशेषज्ञ साक्षात्कार और व्यापार संचालन में सबसे आगे रहने वाले वैश्विक नेताओं के साथ कार्यकारी सत्र शामिल होंगे।
इन सत्रों में से कुछ सत्र हैं: 8 फरवरी को होने वाला "भारत का तेल बाजार 2030" और, "भविष्य की ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला और वर्तमान ईंधन मिश्रण के विकल्पों का प्रभाव।" "भूकंपीय बदलाव – डीपवाटर फरंटियर्स विकसित करने के लिए नई अन्वेषण प्रौद्योगिकी का उपयोग करना" 9 फरवरी को और उद्घाटन दिवस पर “वीयूसीए विश्व में राष्ट्रों और उद्योग के लिए ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना” सहित कई अन्य सत्र शामिल हैं।